जयपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: 24 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड और क्रिप्टो-हवाला सिंडिकेट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
जयपुर / राजस्थान
जयपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे एक बड़े साइबर फ्रॉड, फर्जी बैंक खातों और क्रिप्टो-हवाला सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए इसके मुख्य सरगना को धर दबोचा है। वैशाली नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मास्टरमाइंड विकास ढाका (30), निवासी बासनी बराला (सीकर) को उसके वैशाली नगर स्थित फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दो साल में साइबर ठगी के जरिए जुटाए गए करीब 24 करोड़ रुपये को क्रिप्टो और हवाला नेटवर्क के जरिए 'व्हाइट मनी' में बदल चुका है।
मुखबिर की सूचना पर वैशाली नगर में मारा गया छापा
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि 27 अक्टूबर को मुखबिर से विशेष सूचना मिली थी कि नेमी सागर कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में विकास ढाका नाम का युवक अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध रूप से USDT और क्रिप्टो करेंसी के जरिए साइबर फ्रॉड का बड़ा गिरोह चला रहा है। एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता और प्रो. आईपीएस अदिति उपाध्याय के सुपरविजन में वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह और डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने फ्लैट पर अचानक दबिश देकर मास्टरमाइंड विकास ढाका को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9 मोबाइल, 8 फिनो पेमेंट बैंक के डेबिट कार्ड किट और बड़ी संख्या में गूगल पे स्कैनर रोल बरामद किए गए हैं।
मजदूरों और गरीबों के केवाईसी दस्तावेजों का होता था दुरुपयोग
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शातिर आरोपी जैसलमेर और सीकर के आसपास के इलाकों में संचालित होटलों, रिसॉर्ट्स और रेस्टोरेंट में काम करने वाले गरीब व सीधे-साधे मजदूरों को आर्थिक प्रलोभन देता था। उनके पहचान पत्रों (KYC Documents) का दुरुपयोग कर प्राइवेट व पेमेंट बैंकों में चालू (Current) और बचत (Savings) खाते खुलवाए जाते थे। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक के मर्चेंट क्यूआर कोड भी तैयार करवाए जाते थे। इन फर्जी बैंक खातों को ऑनलाइन सट्टेबाजी (Gambling) प्लेटफॉर्म्स और देश के विभिन्न हिस्सों के साइबर अपराधियों को भारी कमीशन पर बेच दिया जाता था, जिससे ठगी की रकम सीधे इन खातों में ट्रांसफर हो सके।
क्रिप्टो करेंसी और दुबई हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल
डीसीपी (वेस्ट) ने बताया कि साइबर ठगी और अवैध सट्टे से मिलने वाली इस काली कमाई को आरोपी तुरंत क्रिप्टो करेंसी (USDT) में बदल लेता था। इसके बाद दुबई स्थित हवाला और क्रिप्टो नेटवर्क के जरिए इस रकम को लिक्विडेट कर 'व्हाइट मनी' में तब्दील किया जाता था और वापस भारतीय बाजार में खपाया जाता था। आरोपी केवल 20 दिन पहले ही अपना नेटवर्क बढ़ाने के सिलसिले में जयपुर आया था। फिलहाल, पुलिस जब्त किए गए मोबाइल की फॉरेंसिक जांच करवा रही है तथा इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़े अन्य एजेंटों, हवाला कारोबारियों और विदेशी संपर्कों की तलाश में जुटी हुई है।

