गोविंदगढ़ में दो दिवसीय वाकपीठ संगोष्ठी संपन्न: एसएनए, आईपीआर, आरटीआई समेत कई विषयों पर चर्चा
वाकपीठ अध्यक्ष के पद पर राउमावि घाट के प्रधानाचार्य सुरेश धानिया को निर्विरोध चुना गया।
अलवर के गोविंदगढ़ में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के आदेश पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फाहरी में दो दिवसीय वाकपीठ संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के 56 संस्थाप्रधान शामिल हुए।
स्थानीय विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र कुमाए ने बताया कि संगोष्ठी के पहले दिन 17 फरवरी को एसएनए, आईपीआर, आरटीआई और व्यवसायिक शिक्षा पर चर्चा हुई। साथ ही बोर्ड परिणाम उन्नयन, ब्लॉक रैंकिंग और लैंगिक उत्पीड़न जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। गरिमा पेटी, पालनहार और लाड़ो योजना के साथ स्मार्ट क्लास पर भी वार्ता की गई।
दूसरे दिन ईएलसी, अग्निशमक, टीएएफ और एपीएआर पर चर्चा हुई। शालादर्पण के विभिन्न मॉड्यूल, मध्याह्न भोजन योजना और ई-श्रम पर विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, शाला संबलन और सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी चर्चा की गई। वार्ताकारों ने संस्थाप्रधानों की कार्यालय संबंधित समस्याओं का समाधान भी किया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने सभी संस्थाप्रधानों को शालादर्पण मॉड्यूल, एसएनए व्यय और अपार आईडी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सीबीईओ विश्वजीत, एसीबीईओ अकबर खान और नोडल प्रभारी घनश्याम दास गुप्ता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन राउमावि जयसिंहपुरा छोटा के प्राचार्य बुद्धराम ने किया। संगोष्ठी के दौरान नए अध्यक्ष का चुनाव भी हुआ, जिसमें राउमावि घाट के प्रधानाचार्य सुरेश धानिया को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।






