पीएमश्री रा.बा.उ.मा.वि. तखतगढ़ में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा वार्ता आयोजित

तखतगढ़ (बरकत खान) नगर के पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तखतगढ़ में आज राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरणविद्, विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों द्वारा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया। विद्यालय के सभा भवन में इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरणविद् के रूप में डॉ. नेमाराम रणवा, राष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद् के रूप में श्यामसुन्दर लोहार एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ के रूप में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु डॉ. अरविन्द कुमार बसवाल ने शिरकत की।
प्रधानाचार्य गजेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि पीएमश्री विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों हेतु राष्ट्रीय आविष्कार अभियान गतिविधि के तहत राष्ट्रीय एवं अन्तमार्गदर्शन स्तर के विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों द्वारा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन स्वरूप वार्ता का आयोजन करवाया जाता है। इसी प्रकार पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में हरित विद्यालय गतिविधि के तहत पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सौर उर्जा, कचरा प्रबन्धन, स्थानीय पर्यावरण ज्ञान, जलवायु परिवर्तन आदि विषयों पर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरणविद् / विशेषज्ञ द्वारा वार्ता का आयोजन करवाया जाता है। उसी क्रम में आज की वार्ताओं का आयोजन करवाया गया।
राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान प्राप्त राष्ट्रीय शिक्षाविद् श्याम सुन्दर लोहार ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं रूझान उत्पन्न करने हेतु विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही गणितिय दृष्टिकोण विकसित करने हेतु अनेक उदाहरणों के माध्यम से प्रेरित किया। जीवन में विज्ञान एवं गणित की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। जर्मनी एवं फिलिपिन्स में अपना अध्ययन एवं शोध कार्य करने वाले अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ डॉ. अरविन्द कुमार बसवाल ने विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों के परिपेक्ष्य में अपनी आगामी तैयारी करने का सुझाव दिया। उन्होनें विदेशों में अध्ययन हेतु उपलब्ध अवसरों एवं चयन प्रक्रियाओं पर भी प्रकाश डाला। डॉ. बसवाल ने जीवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एवं विशेष रूप से कृषि प्रौद्योगिकी में अनुसंधान एवं उपलब्ध अवसरो के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. नेमाराम रणवा ने विद्यार्थियों के साथ वर्तमान युग में पर्यावरण के दृष्टिकोण से उपलब्ध चुनौतियों एवं उनके संभावित समाधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होनें अपनी वार्ता में इसके साथ हरित विद्यालय की संकल्पना साकार करने के सुझाव भी प्रदान किये। डॉ. नेमाराम ने सौर उर्जा, जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं कचरा / अपशिष्ट प्रबन्धन पर भी विद्यार्थियों को मूलभूत अवधारणाओं से रूबरू करवाते हुए विस्तार से अवगत करवाया। प्रत्येक सेशन के बाद विद्यार्थियों द्वारा अपनी उत्सुकताओं के बारे में भी विशेषज्ञों से सवाल जवाब किये गये।
कार्यक्रम का संचालन उपप्राचार्य छगनलाल सुथार ने किया। इस अवसर विद्यालय स्टाफ के रिंकुलाल सोनी, प्रियंका चौहान, शैलबाला शर्मा, राजेश कुमार, तरूण ओझा, जितेन्द्र नामा, कविता नादावत, किरण कुमारी आदि उपस्थित थे।






