चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर लघु उद्योग भारती और चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में आज बिजली विभाग काली मोरी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान प्रमुख मांग 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की रही। संगठन के शशांक झलानी ने बताया कि मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र और ओल्ड एरिया राज्य की औद्योगिक प्रगति में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जहां सैकड़ों औद्योगिक इकाइयां संचालित होती हैं। उन्होंने मांग की कि पुरानी झज्जर लाइन और ट्रांसफॉर्मर बदले जाएं, लाइनमैन, टेक्नीशियन और मेंटेनेंस टीम की संख्या बढ़ाई जाए तथा जहां तकनीकी कमियां हैं, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर जल्द समाधान किया जाएगा। उद्यमियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
