जैसलमेर में रचा इतिहास: महज 21 साल की उम्र में कांग्रेस की संतोष कुमारी निर्विरोध बनीं जिला प्रमुख
जैसलमेर / बरकत खां। पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जैसलमेर जिला प्रमुख पद के लिए बुधवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह जिला परिषद की बैठक के साथ चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई और नामांकन दाखिल किए गए। संतोष कुमारी के सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा, जिसके बाद दस्तावेजों की जांच कर उन्हें निर्विरोध जिला प्रमुख घोषित कर दिया गया। महज 21 वर्ष की आयु में इस पद पर पहुंचकर संतोष कुमारी ने नया इतिहास रच दिया है।
कांग्रेस की 20-1 की जीत और आपसी सहमति जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 21 में से 20 वार्डों पर शानदार जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के खाते में केवल 1 सीट आई थी। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित था। कांग्रेस के टिकट पर एसटी वर्ग से चार सदस्य—वार्ड 21 से संतोष कुमारी, वार्ड 9 से रतनाराम, वार्ड 4 से मानाराम और वार्ड 6 से कमलाराम—जीतकर आए थे। चुनाव से पूर्व कांग्रेस के भीतर नाम को लेकर चर्चाएं रहीं। पोकरण क्षेत्र से विजयी 21 वर्षीय संतोष कुमारी पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद खेमे की पहली पसंद मानी जा रही थीं, जबकि पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल गुट से कमलाराम का नाम आगे चल रहा था। बाद में पंचायत समितियों के प्रधान पदों को लेकर दोनों गुटों के बीच हुई बातचीत के बाद संतोष कुमारी के नाम पर आम सहमति बन गई।
भाजपा के पास नहीं था उम्मीदवार दूसरी ओर, जिला परिषद में एकमात्र सीट जीतने वाली भाजपा के लिए इस चुनाव में कोई विकल्प नहीं था। भाजपा की विजयी प्रत्याशी करुणा कंवर सामान्य वर्ग से आती हैं, जबकि जिला प्रमुख का पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में भाजपा के पास कोई दावेदार न होने से संतोष कुमारी के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।

