ऑपरेशन चक्रव्यूह' का बड़ा असर: संगरिया पुलिस ने 4 साल से फरार 10 हजार के इनामी हेरोइन तस्कर हरियाणा से दबोचा
नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा: चार साल से वांछित इनामी हेरोइन तस्कर गिरफ्तार, हरियाणा के फरीदाबाद का है निवासी
संगरिया / हनुमानगढ़ : जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत संगरिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी हेरोइन सप्लायर भूपेन्द्र मुदगिल (44) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से फरीदाबाद (हरियाणा) का रहने वाला है और एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से दूर था। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।
आपराधिक इतिहास और पुराना मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास का एक मामला और एनडीपीएस एक्ट के तीन अन्य प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
यह पूरा मामला 14 जनवरी 2022 का है, जब तत्कालीन संगरिया थाना प्रभारी विजय कुमार ने गश्त के दौरान कस्बे में सतीश उर्फ सुनील (निवासी ढींगसरा हाल चौटाला, सिरसा) को 34 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सतीश से पूछताछ में खुला था भूपेन्द्र का नाम
दौरान-ए-अनुसंधान गिरफ्तार तस्कर सतीश उर्फ सुनील ने पुलिस को पूछताछ में बड़ा खुलासा करते हुए बताया था कि उसने जब्त की गई हेरोइन हरियाणा के भूपेन्द्र मुदगिल से खरीदी थी। इस खुलासे के बाद से ही पुलिस लगातार भूपेन्द्र की तलाश में जुटी हुई थी। लगातार चार साल तक अलग-अलग ठिकानों पर फरारी काटने के बाद आखिरकार संगरिया पुलिस ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के बल पर उसे दबोच लिया।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अमर सिंह, हेड कॉन्स्टेबल लक्ष्मणराम, मनदीप सिंह, रामावतार और राजकुमार की भूमिका अहम रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों के बारे में भी गहनता से पूछताछ की जा रही है।

