धरवां में दोहरा हत्याकांड: घर में घुसकर मां और मासूम बेटी की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में दहशत
गाजीपुर / यू पी / शशि जायसवाल। नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में बुधवार सुबह हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। बेखौफ हमलावरों ने घर में घुसकर मां और मासूम बेटी पर चाकू व धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका जयमून निशा (लगभग 35 वर्ष) गांव से बाहर नई बस्ती में मकान बनाकर अपनी बेटी आइमन निशा के साथ रह रही थीं। बुधवार सुबह दोनों घर में अकेली थीं। बताया जा रहा है कि किसी रिश्तेदार ने जब फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर परिजन घर पहुंचे तो भीतर का दृश्य देख सन्न रह गए। मां और बेटी लहूलुहान हालत में पड़ी थीं और दोनों के गले पर चाकू से किए गए गंभीर वार के निशान थे। बच्ची की उम्र को लेकर अलग-अलग विवरण सामने आए हैं; शुरुआती जानकारी में 8 से 12 वर्ष के बीच बताई गई उम्र रिपोर्ट में 8 वर्ष दर्ज है।
सुबह-सुबह मां-बेटी की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नंदगंज पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी या पारिवारिक विवाद सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, इस दोहरे हत्याकांड से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय व आक्रोश व्याप्त है।

