प्रदेशभर में अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई:आबकारी आयुक्त के निर्देश पर प्रदेशभर में छापेमारी, 29 हजार लीटर वॉश और 25 भट्टियां नष्ट
उदयपुर आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध शराब बनाने, इसके स्टोरेज, तस्करी और बेचने को लेकर कार्रवाई की गई। विभाग ने अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब जब्त की है और हजारों लीटर वॉश नष्ट करते हुए दर्ज किए हैं। चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा और बेगूं में एक हजार लीटर वॉश नष्ट कर 15 लीटर अवैध हथकड़ मदिरा जब्त की गई। साथ ही एक बिना नंबर की बाइक से 62 पव्वे हथकड़ शराब जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इसी तरह बीकानेर जोन में होटल, ढ़ाबों की चैकिंग और दबिश कार्रवाई की गई।
बीकानेर शहर, श्रीगंगानगर, संगरिया, नोहर, चूरू, रायसिंहनगर, सूरतगढ़ में टीम ने 1800 लीटर वॉश और 5 भट्टियां नष्ट की। साथ ही 27 बीयर बोतल, 54 पव्वे देशी शराब, 34 लीटर हथकड़ जब्त करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जयपुर में 25 हजार लीटर वॉश और 15 भट्टियां नष्ट जयपुर ग्रामीण आबकारी टीम ने चाकसू क्षेत्र के ग्राम माधोगढ़, तूंगा, बगरियां, नारायण बाबा की ढाणी, ढूंढ नदी क्षेत्र में कार्रवाई कर 25 हजार लीटर वॉश सहित शराब बनाने वाली 15 भट्टियां मय उपकरण नष्ट किए। साथ ही 70 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी जब्त की। केकड़ी में दबिश की कार्रवाई में 200 लीटर वॉश नष्ट कर 2 लीटर हथकड़ शराब जब्त की।
आबकारी थाना क्षेत्र ब्यावर में 400 लीटर वॉश सहित 3 पुरानी भट्टियां नष्ट कर 6 बोतल हथकड़ शराब जब्त की। इसी तरह जोधपुर शहर, ग्रामीण, पश्चिम एवं सरदारपुरा में बीयर के 58 केन, देशी शराब के 87 पव्वे, 19 पव्वे आईएमएफएल सहित 4 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। इसके अलावा कोटा के रामगंज मंडी क्षेत्र में 700 लीटर वॉश सहित 2 भट्टियां नष्ट की गई। झुंझुनूं के चिड़ावा में 576 पव्वे अवैध शराब के जब्त किए। पाली सिटी में अवैध शराब रखने पर एक आरोपी गिरफ्तार किया। किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई में हरियाणा निर्मित बीयर के 24 केन बरामद किए।

