श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा का भव्य कार्यक्रम:पत्रकारों को मिली 5 लाख रुपए की निःशुल्क बीमा पॉलिसी, प्रेस कार्ड और वाहन पास वितरित
रेवाड़ी / चंडीगढ़ / विष्णु मित्तल (18 अक्टूबर 2026)
श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की ओर से रेवाड़ी स्थित सैंडपाइपर टूरिस्ट प्लेस में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के पत्रकारों को 5 लाख रुपये की निःशुल्क बीमा पॉलिसी, प्रेस पहचान पत्र और वाहन पास वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने की, जबकि रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार उपस्थित रहे।
विधायक लक्ष्मण यादव ने 51,000 रुपये का दिया अनुदान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मण यादव ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार कठिन और विपरीत परिस्थितियों में काम करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा आवश्यक है।
-
सुरक्षा कानून की पहल: विधायक ने आश्वासन दिया कि वे प्रदेश में 'पत्रकार सुरक्षा कानून' लागू कराने के लिए मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे और हरसंभव प्रयास करेंगे।
-
आर्थिक सहयोग: उन्होंने अपने निजी कोष से श्रमजीवी पत्रकार संघ को 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
पत्रकार सुरक्षा व सम्मान के लिए संकल्पबद्ध संगठन: डॉ. इंदु बंसल जैन
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. इंदु बंसल जैन ने कहा कि 24 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के आधार पर वे पत्रकारों की समस्याओं और चुनौतियों को गहराई से समझती हैं। संगठन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनकी सुरक्षा, सम्मान और हक के लिए संघर्ष कर रहा है।
डेढ़ साल में 50 जिला और 10 राज्य स्तरीय कार्यक्रम
-
उपलब्धियों का ब्योरा: संघ के प्रदेश महासचिव नवीन बंसल और जिला अध्यक्ष धनेश विद्यार्थी ने बताया कि संगठन ने पिछले डेढ़ साल में 50 जिला और 10 राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए हैं। मात्र 10 रुपये की वार्षिक सदस्यता वाले इस संगठन से प्रदेश के 472 पत्रकार जुड़ चुके हैं।
-
सामाजिक सरोकार: संघ गैर-सदस्य पत्रकारों की मदद, दिल्ली जंतर-मंतर पर पत्रकार सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन और जरूरतमंद परिवारों की कन्यादान योजना जैसे कल्याणकारी कार्यों में लगातार सक्रिय है।
-
दिसंबर में बड़ा आयोजन: संघ द्वारा आगामी दिसंबर माह में रेवाड़ी में एक भव्य प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित करने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष धनेश विद्यार्थी ने उपस्थित सभी 50 से अधिक पत्रकारों और अतिथियों का आभार जताया।

