ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान भीषण अग्निकांड, शाहजहांपुर के 4 युवकों की झुलसकर मौतविश्वास नगर में तड़के अवैध चार्जिंग पॉइंट में बैटरियां फटने से भड़की आग, 2 गंभीर घायल
नई दिल्ली/शाहजहांपुर (शशि जायसवाल) पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी चार युवकों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गली नंबर 11 स्थित एक चार मंजिला इमारत के भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर चल रहे अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में बैटरी फटने से हुआ। आग इतनी विकराल थी कि ऊपर लकड़ी के मचान पर सो रहे युवकों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका।
- रोजी-रोटी के लिए दिल्ली गए थे चारों युवक
मृतकों की पहचान शाहजहांपुर जिले के निवासी महेंद्र, उसके चचेरे भाई ठाकुर, अशोक और सादू के रूप में हुई है। चारों युवक दिल्ली में ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे में रामवीर (50) और एक अन्य युवक बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- धमाके के साथ भड़की आग, बंद हुआ बाहर निकलने का रास्ता
जानकारी के अनुसार, करीब 50 से 60 वर्ग गज में बने इस मकान के भूतल पर चार ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगे थे और ठीक उनके ऊपर बने लकड़ी के मचान पर छह लोग सो रहे थे। तड़के करीब 4:10 बजे ओवरचार्जिंग के कारण ई-रिक्शा की बैटरियों में तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते अन्य बैटरियां भी फटने लगीं। आग की लपटों व धुएं ने पूरे भूतल को अपनी चपेट में ले लिया। नीचे ई-रिक्शा खड़े होने से मचान पर सो रहे युवकों के बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।
- छत का ताला तोड़कर बचाई गई 40 लोगों की जान
आग का जहरीला धुआं तेजी से इमारत की ऊपरी तीन मंजिलों तक फैल गया, जिससे वहां रह रहे करीब 40 लोग फंस गए। जान बचाने के लिए लोग छत की ओर भागे, लेकिन दरवाजे पर ताला लगा होने से वे घिर गए। बाद में लोगों ने छत का ताला तोड़ा और पड़ोस के मकान की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने अपने घरों से पानी के पाइप डालकर आग बुझाने का प्रयास भी किया।
- दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर एक की सांसें लौटाईं
सुबह 4:13 बजे सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब पौने एक घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 5 बजे आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने धुएं के बीच मचान से छह लोगों को बाहर निकाला। इनमें अचेत हो चुके एक युवक को मौके पर ही सीपीआर (CPR) देकर उसकी सांसें लौटाई गईं, जबकि अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।
- अवैध चार्जिंग स्टेशन की जांच जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह मकान कांति नगर निवासी पीवीसी दाना कारोबारी नवीन सैनी का है, जिसे किराए पर दिया गया था। भूतल पर बिना सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहा था। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या बैटरी ओवरचार्जिंग से आग लगने की आशंका है। चारों ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

