डूंगरपुर में दर्दनाक हादसा; बेकाबू डंपर घर की दीवार तोड़कर घुसा, सो रही मां-बेटी की मौत और पिता-पुत्र गंभीर घायल

Oct 31, 2026 - 21:30
 0
डूंगरपुर में दर्दनाक हादसा; बेकाबू डंपर घर की दीवार तोड़कर घुसा, सो रही  मां-बेटी की मौत और पिता-पुत्र गंभीर घायल

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार बेकाबू डंपर सड़क किनारे बने एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। इस भीषण हादसे में कमरे में सो रही मां और उसकी नाबालिग बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम और शोक का माहौल है।

सोते हुए परिवार पर टूटा कहर

सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा नेशनल हाईवे 927ए पर गलियाकोट पुल के पास शुक्रवार रात करीब 12 बजे हुआ। बांसवाड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर सागवाड़ा बाइपास पर आईटीआई के पास अचानक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे स्थित विनोद मनात के मकान में जा घुसा।

घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे किसी को संभलने का भी मौका नहीं मिला। जोरदार टक्कर से घर का एक हिस्सा ढह गया और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में मां-बेटी को मृत घोषित

सूचना मिलते ही सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे तथा डंपर के बीच फंसे परिजनों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सागवाड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने 45 वर्षीय सुशीला मनात और उनकी 15 वर्षीय बेटी राधिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पति विनोद और बेटे महेंद्र को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। मृतका मां-बेटी के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद डंपर चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। एक ही परिवार में दो लोगों की मौत और पिता-पुत्र की गंभीर हालत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................