बाल सुधार गृह में दुस्साहसिक वारदात: 3 बाल अपचारियों ने डंडों से पीट-पीटकर वार्डन की हत्या की, परिसर सील

Aug 6, 2026 - 00:50
Aug 6, 2026 - 17:31
 0
बाल सुधार गृह में दुस्साहसिक वारदात: 3 बाल अपचारियों ने डंडों से पीट-पीटकर वार्डन की हत्या की, परिसर सील

विवाद के बाद लकड़ी के फट्टे से किया हमला, मौके पर ही हुई मौत; कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा, एफएसएल टीम जांच में जुटी

श्रीगंगानगर। जिले के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र स्थित बाल सुधार गृह में बुधवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां बंद तीन बाल अपचारियों ने मामूली विवाद के बाद ड्यूटी पर तैनात 63 वर्षीय वार्डन साहबराम पर लकड़ी के फट्टे से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण वार्डन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासनिक आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।

विवाद के बाद अचानक किया हमला

एसपी हरी शंकर ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे की है। बाल सुधार गृह में बंद तीन अपचारी किसी बात को लेकर वार्डन साहबराम से उलझ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि तीनों ने लकड़ी के फट्टे उठाकर साहबराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर तीन बाल अपचारियों में से दो हत्या के मामले में और एक एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत सुधार गृह में निरुद्ध हैं।

कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा, पूरा परिसर सील

वारदात की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव, एसपी हरी शंकर, एडीएम प्रशासन सुभाष चौधरी और एएसपी दीपक शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे बाल सुधार गृह परिसर को सील कर दिया है और किसी के भी अंदर-बाहर आने जाने पर रोक लगा दी गई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक (FSL) टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि मृतक वार्डन के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल तीनों बाल अपचारियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे के वास्तविक कारणों को जानने के लिए सुधार गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर बाल सुधार गृहों की आंतरिक सुरक्षा और वहां निरुद्ध गंभीर अपराधियों के प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................