राजसमंद में 'आप' का बड़ा चुनावी ऐलान: सभी 9 पंचायत समितियों और जिला परिषद के 29 वार्डों में उतारेगी प्रत्याशी
पंचायती राज चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी ने कसी कमर: राजसमंद के सभी वार्डों में चुनाव लड़ने की घोषणा, QR कोड से मांगे दावेदारी आवेदन
राजसमंद / पप्पू लाल कीर। आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने राजसमंद जिले में अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की जिला चुनावी बैठक एवं प्रेस वार्ता के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए घोषणा की गई कि आम आदमी पार्टी जिले की सभी 9 पंचायत समितियों के समस्त वार्डों और जिला परिषद के सभी 29 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी।
नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता से उत्साह
प्रदेश सह प्रभारी महेश खींची ने प्रेस वार्ता में बताया कि हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में पार्टी ने पहली बार उतरकर शानदार प्रदर्शन किया और 42 पार्षदों की जीत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि पार्टी ने बारां में अपना पहला बोर्ड बनाया, जहां शीतल राठौड़ सभापति और पीड़ावा नगर पालिका में सगीर अहमद खां उपसभापति निर्वाचित हुए हैं। निकाय चुनावों के इस जनादेश को पार्टी पंचायती राज चुनावों के लिए बदलाव की लहर मान रही है।
QR कोड के माध्यम से मांगे जा रहे हैं आवेदन
पार्टी नेताओं ने बताया कि चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए राज्य स्तर पर एक QR कोड जारी किया गया है।
-
आवेदन प्रक्रिया: पार्टी से जुड़कर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ता QR कोड स्कैन कर अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकते हैं।
-
चयन का आधार: प्रत्याशी चयन में उम्मीदवार की स्थानीय सक्रियता, जनसरोकारों से जुड़ाव और संगठन को मजबूत करने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी।
पारंपरिक दलों पर बोला हमला
पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल जन-आकांक्षाओं को पूरा करने में नाकाम रहे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब के अपने सुशासन, मुफ्त बिजली-पानी, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को लेकर जनता के बीच जाएगी।
बैठक के दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट भरत कुमार पालीवाल, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र गहलोत, जिला संगठन महासचिव पप्पू लाल कीर, सचिव कान सिंह राठौड़, नाथद्वारा विधानसभा अध्यक्ष धर्मेश चंदेल, किसान विंग जिलाध्यक्ष कालूराम कुमावत, लकी, सूर्य प्रकाश सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

