कोटा हाईवे पर भीषण हादसा: तीर्थयात्रा से लौट रहे महाराष्ट्र के एक ही कुनबे के 9 लोगों की मौत; किसी परिवार में बचा सिर्फ 9 साल का मासूम, तो कहीं पिता और 3 साल का बेटा

Nov 22, 2026 - 18:41
 0
कोटा हाईवे पर भीषण हादसा: तीर्थयात्रा से लौट रहे महाराष्ट्र के एक ही कुनबे के 9 लोगों की मौत; किसी परिवार में बचा सिर्फ 9 साल का मासूम, तो कहीं पिता और 3 साल का बेटा

कोटा / राजस्थान 

कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही कुनबे के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा नांता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा के पास रात करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच हुआ, जब धार्मिक यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे अंधेरे में खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि किसी परिवार में अब सिर्फ 9 साल का बच्चा बचा है, तो किसी में पिता और 3 साल का मासूम।

जयपुर में साथ खाया खाना, आधे घंटे पहले आगे निकली गाड़ी हुई शिकार महाराष्ट्र के धुले निवासी पंवार परिवार और उनके रिश्तेदारों समेत कुल 36 लोग 17 नवंबर की रात तीन क्रूजर गाड़ियों से तीर्थयात्रा पर निकले थे। पांच दिनों तक उज्जैन (महाकालेश्वर), ओंकारेश्वर, पुष्कर, सालासर बालाजी, सांवलिया सेठ और खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद शनिवार शाम सभी हंसते-गाते घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जयपुर के आगे एक ढाबे पर सभी ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद एक क्रूजर बाकी दोनों गाड़ियों से करीब आधा घंटा पहले आगे निकल गई। पीछे आ रहे परिजनों से महज 45 किलोमीटर के फासले पर यह गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। क्रूजर में चालक सहित कुल 16 लोग सवार थे।

भांजी ने कॉल कर भेजी लाइव लोकेशन हादसे के ठीक बाद क्रूजर में सवार भांजी ने पीछे वाली गाड़ी में आ रहे परिजन प्रदीप को फोन किया और घबराई आवाज में कहा— "हमारा एक्सीडेंट हो गया है, जल्दी आ जाओ।" उसने मोबाइल पर लाइव लोकेशन भी भेजी, जिसके बाद पीछे आ रहे परिजन मौके पर पहुंचे।

उजड़ गए हंसते-खेलते परिवार, अपनों की मौत से अनजान मासूम

  • 9 साल के जगदीश के सिर से उठा माता-पिता व बहन का साया: हादसे में कैलाश पंवार (32), उनकी पत्नी अनीता (28) और 13 वर्षीय बेटी जाह्नवी की मौत हो गई। चार लोगों के इस परिवार में अब सिर्फ 9 साल का जगदीश बचा है। मामूली रूप से घायल जगदीश अस्पताल में रिश्तेदारों से माता-पिता के बारे में पूछता रहा, लेकिन परिजनों ने उसे यही बताया कि उनका इलाज चल रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे धुले रवाना कर दिया गया है।

  • माता-पिता, पत्नी और बेटी की मौत, बाप-बेटे बचे: हादसे में सज्जन पंवार (70), उनकी पत्नी ऊषा (60), बहू माधवी (28) और 6 वर्षीय पोती सान्वी की मौत हो गई। इस परिवार में अब सिर्फ बेटा गणेश (32) और 3 साल का पोता श्रीजीत जीवित बचे हैं।

  • अस्पताल में भर्ती घायल, मौत की खबर से अनजान: सज्जन के भाई बाबूलाल पंवार (65) और उनकी पत्नी सुशीला (60) की भी इस दुर्घटना में जान चली गई। उनके बेटे शरद, बहू मनीषा और पोती मयूरी घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। परिजनों ने अभी तक घायल शरद को माता-पिता के निधन की सूचना नहीं दी है। हादसे में मयूरी और सुनीता को गंभीर चोटें आई हैं।

बिना रिफ्लेक्टर व बैकलाइट के खड़ा था ट्रक पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शंभूपुरा के पास सड़क पर खराब खड़े ट्रक की न तो बैकलाइट जल रही थी और न ही पीछे कोई रिफ्लेक्टर या संकेतक लगा था। अंधेरे के कारण क्रूजर चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया और तेज रफ्तार गाड़ी सीधे उसमें जा घुसी। हादसे में घायल ट्रक चालक हारून का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि, ट्रक चालक का दावा है कि गाड़ी खराब होने पर वह पीछे खड़ा होकर टॉर्च से वाहनों को संकेत दे रहा था।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................