झालरापाटन में शिक्षा ढांचे को मजबूती: वसुंधरा राजे ने अपने विधायक कोष से 2.15 करोड़ रुपए किए स्वीकृत
झालावाड़/झालरापाटन। झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक वसुंधरा राजे ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपने विधायक कोष (MLA Lad Fund) से क्षेत्र के 15 राजकीय विद्यालयों के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 15 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। वर्ष 2026-27 के तहत इस राशि से स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों और टीन शेड का निर्माण कराया जाएगा।
राजे ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि स्वीकृत सभी विकास कार्यों को नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण ढंग से जल्द से जल्द शुरू करवाकर पूरा कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को इसका त्वरित लाभ मिल सके।
अधिकांश स्कूलों में बनेंगे दो-दो कक्षा-कक्ष और टीन शेड: जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि स्वीकृत बजट के तहत अधिकांश चयनित स्कूलों में दो नए कक्षा-कक्ष और एक टीन शेड का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक प्रमुख कार्य के लिए 14-14 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बावड़ीखेड़ा के लिए सर्वाधिक 28 लाख रुपए तथा एक अन्य निर्माण कार्य के लिए 5 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
इन 15 स्कूलों का होगा कायाकल्प: विकास कार्यों की सूची में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल खेराना, ओड़ियाखेड़ी और बावड़ीखेड़ा; राजकीय प्राथमिक स्कूल ढाबलाभोज, लक्ष्मीपुरा, खड़गपुरा और कालियाखेड़ी; तथा राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल छोड़ी, बोरदा, रूपारेल, रमायमहू, नई बस्ती खारपकला, माडा, तीतरी और लालगांव शामिल हैं।
छात्रों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक माहौल: नए कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यालयों में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप बैठने और अध्ययन की सुचारू व्यवस्था हो सकेगी। वहीं, टीन शेड बनने से छात्र-छात्राओं को प्रार्थना सभा, मिड-डे मील, सांस्कृतिक आयोजनों और खेलकूद गतिविधियों के लिए धूप व बारिश से सुरक्षित स्थान मिल सकेगा। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पूर्व मुख्यमंत्री की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण शिक्षा के उत्थान में मील का पत्थर बताया है।

