महिला सिपाही के प्रेम में पड़े दो थानों के ड्राइवर, एक ने दूसरे को मारी गोली; मचा हड़कंप
गया (बिहार/शशि जायसवाल) शहर के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र अंतर्गत पितामहेश्वर मोहल्ले में शनिवार को एक महिला सिपाही के प्रेम प्रसंग को लेकर दो थानों के ड्राइवरों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक ड्राइवर ने दूसरे के सीने में गोली मार दी। घायल ड्राइवर को गंभीर हालत में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाने में लिपिक (clerk) के पद पर तैनात महिला सिपाही पितामहेश्वर मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। शनिवार को परैया थाने का निजी ड्राइवर गौतम कुमार उससे मिलने पहुँचा था। इसी दौरान वहाँ कोतवाली थाने के ड्राइवर नीरज कुमार से उसका आमना-सामना हो गया। दोनों के बीच महिला सिपाही से बातचीत और प्रेम प्रसंग को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते फायरिंग तक पहुँच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने घटना की पुष्टि की और बताया कि आरोपी ड्राइवर गौतम कुमार को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला सिपाही पहले परैया थाने में तैनात थी, जहाँ से उसका परिचय गौतम से हुआ था। वर्तमान में कोतवाली थाने में तैनाती के दौरान उसका संपर्क नीरज से बढ़ा। सिटी एसपी ने बताया कि सिविल लाइन्स थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और प्रेम प्रसंग सहित अन्य सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
इस घटना ने पुलिस महकमे से जुड़े कर्मियों के आपसी विवाद और थानों में निजी ड्राइवरों की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई में जुटा है।


