बस हादसे के बाद पटना के जीरो माइल पर भीषण बवाल, युवक की मौत से भड़की भीड़ ने फूंके 10 वाहन

Aug 7, 2026 - 20:11
Aug 7, 2026 - 20:27
 0
बस हादसे के बाद पटना के जीरो माइल पर भीषण बवाल, युवक की मौत से भड़की भीड़ ने फूंके 10 वाहन

तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष की मौके पर ही मौत, आगजनी व पथराव के बाद 9 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा।

पटना / बिहार (शशि जायसवाल)।

बिहार की राजधानी पटना स्थित अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे के बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोग और उग्र भीड़ सड़कों पर उतर आई और जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की।

भीड़ के हत्थे चढ़े वाहन, 10 गाड़ियों को किया आग के हवाले

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मनीष सुबह करीब 7 बजे अपने काम पर निकला था तभी जीरो माइल के पास बेकाबू बस ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त बस में आग लगा दी। इसके बाद उपद्रव इतना बढ़ा कि पुलिस की 2 गाड़ियों, अन्य बसों और बाइकों सहित करीब 10 वाहनों को फूंक दिया गया। उपद्रवियों ने ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को भी आग के हवाले कर दिया।

NH-30 पर घंटों बाधित रहा यातायात

आगजनी की घटना के चलते NH-30 पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी भीड़ के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कवरेज करने पहुंचे कुछ पत्रकारों के साथ मारपीट की खबरें भी सामने आईं।

9 थानों की पुलिस ने किया लाठीचार्ज

हालात बेकाबू होते देख आसपास के करीब 9 थानों की पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस बल ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और कड़ी मशक्कत के बाद एनएच-30 पर यातायात बहाल कराया।

परिवार का सहारा था मनीष, CCTV फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस

मृतक मनीष फ्लेक्स प्रिंटिंग का काम करता था और अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह रोजाना अपने गांव से आकर पटना में मजदूरी करता था। उसकी मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस और जिला प्रशासन अब इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि उपद्रव, तोड़फोड़ और आगजनी में शामिल असमाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। फिलहाल एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................