जिला परिषद ऑफिस की छत से गिरकर कर्मचारी की मौत:डूंगरपुर में ड्यूटी के दौरान बाथरूम जाते समय हुआ हादसा
डूंगरपुर जिला परिषद कार्यालय में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नाइट ड्यूटी पर तैनात एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की छत से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना के उपनिरीक्षक (एसआई) महेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान फूटी तलाई पातली निवासी रूपलाल परमार (50) के रूप में हुई है। रूपलाल पिछले 10 वर्षों से जिला परिषद डूंगरपुर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर सेवारत थे।
बाथरूम जाने के दौरान हुआ हादसा मृतक के पुत्र हितेश परमार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:15 बजे उनके पिता कार्यालय में अपनी नियमित ड्यूटी पर थे। इसी दौरान वे बाथरूम जाने के लिए निकले, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने या अन्य कारणों से वे सीधे छत से नीचे जा गिरे। गिरने से उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव गंभीर अवस्था में परिजनों और सहकर्मियों की मदद से रूपलाल को तत्काल डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।

