टोल पार करते ही आएगा इंश्योरेंस अलर्ट SMS: NHAI ने मुंडका टोल पर शुरू किया पायलट प्रोजेक्ट, देशभर में लागू करने की तैयारी
बिना वैलिड इंश्योरेंस गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती की राह: टोल से ‘वाहन’ पोर्टल को जुड़ेगा डेटा, 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान
नई दिल्ली / कमलेश जैन
बिना वैध थर्ड पार्टी मोटर इंश्योरेंस के सड़क पर दौड़ने वाले वाहनों पर नजर रखने और वाहन मालिकों को समय पर पॉलिसी रिन्यू कराने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक नई पहल शुरू की है। फिलहाल इस सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट दिल्ली में अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) स्थित मुंडका टोल प्लाजा पर शुरू किया गया है। सफल परीक्षण के बाद इसे देश के अन्य नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर भी लागू किया जा सकता है।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम? नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा और ‘वाहन’ पोर्टल के बीच डेटा साझा किया जाएगा। जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा से गुजरेगा, उसकी जानकारी नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के वाहन (Vahan) डेटाबेस को भेजी जाएगी और सिस्टम स्वचालित रूप से वाहन के इंश्योरेंस की वैधता जांच लेगा। यदि थर्ड पार्टी इंश्योरेंस समाप्त हो चुका है या वैध नहीं है, तो वाहन मालिक के मोबाइल पर तुरंत SMS भेजा जाएगा। इस संदेश में गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर, टोल पार करने का समय, इंश्योरेंस की स्थिति और उसे रिन्यू कराने की सलाह दी जाएगी।
जुर्माने से बचाव व सड़क सुरक्षा का उद्देश्य अधिकारियों के अनुसार, यह अलर्ट एक तरह के रिमाइंडर के रूप में काम करेगा, ताकि वाहन मालिक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत होने वाले भारी जुर्माने से बच सकें और तुरंत इंश्योरेंस करा लें। बिना वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस वाले वाहनों से सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को मुआवजा मिलने में कठिनाई आती है, जिसे देखते हुए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नियमों के तहत जुर्माने का प्रावधान मौजूदा मोटर व्हीकल नियमों के मुताबिक, बिना वैध इंश्योरेंस के वाहन चलाने पर:
-
पहली बार उल्लंघन: बेस इंश्योरेंस प्रीमियम का तीन गुना या 5,000 रुपये (जो भी अधिक हो) जुर्माना।
-
दूसरी बार उल्लंघन: बेस इंश्योरेंस प्रीमियम का पांच गुना या 10,000 रुपये (जो भी अधिक हो) जुर्माना।
फिलहाल मुंडका टोल प्लाजा पर सिस्टम की टेस्टिंग की जा रही है ताकि तकनीकी कमियों को दूर कर इसे अधिक प्रभावी व स्थिर बनाया जा सके।

