सिरोही जिले में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, जिला परिषद की 27 में से 22 सीटों पर कब्जा
शिवगंज पंचायत समिति में भाजपा का नहीं खुला खाता, सिरोही और कालंद्री में भी कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन
सिरोही (रमेश सुथार) राजस्थान के पंचायती राज चुनाव में सिरोही जिले में कांग्रेस पार्टी ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। जिला परिषद की कुल 27 सीटों में से कांग्रेस ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को महज 5 सीटों से संतोष करना पड़ा।
पंचायत समिति चुनाव के नतीजों में भी कांग्रेस का दबदबा देखने को मिला। शिवगंज पंचायत समिति की कुल 19 सीटों में से कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। यहां भाजपा अपना खाता भी नहीं खोल सकी।
वहीं सिरोही पंचायत समिति की कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 4 सीटें मिलीं। कालंद्री पंचायत समिति में कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 9 और भाजपा ने 6 सीटों पर जीत हासिल की। इसके अलावा जिले की मंडार, आबूरोड और भावरी पंचायत समितियों में भी कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया।
जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक कांग्रेस की इस शानदार जीत से जिले की राजनीति में पार्टी की मजबूत स्थिति सामने आई है। चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि सिरोही जिले में पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस को मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिला है।

