मतगणना ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों की बस पलटी, 12 घायल; सड़क पर अचानक आए गोवंश को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
निमाज (ब्यावर/ बरकत खान)। पंचायत चुनाव की मतगणना ड्यूटी के लिए कर्मचारियों को लेकर जैतारण से ब्यावर जा रही एक निजी बस शुक्रवार सुबह बीराटिया कला स्कूल के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 12 कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से सिर में गंभीर चोट आने पर दो कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद ब्यावर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम कार्यालय जैतारण से करीब 35 मतदान कर्मियों को लेकर निजी बस (संख्या RJ-21-PU-6078) मतगणना केंद्र एसडीओ कॉलेज, ब्यावर के लिए रवाना हुई थी। सुबह बीराटिया कला स्कूल के पास सड़क पर अचानक सांड व गाय आ जाने से चालक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल बर राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में 12 कर्मचारियों को चोटें आई हैं। इनमें विजय और अरविंद नामक दो कर्मचारियों के सिर में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ब्यावर रेफर कर दिया गया, जबकि शेष घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
निर्वाचन ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

