बारात की बस बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से बची दर्जनों जिंदगियां,सभी सवारियां सुरक्षित
मनाना में बारात की बस बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से बची दर्जनों जिंदगियांपंचायत भवन के सामने चलती बस में भड़की आग, पल भर में जलकर हुई राख; सभी सवारियां सुरक्षित
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। उपखण्ड के मनाना ग्राम में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस स्टेशन के पास ग्राम पंचायत भवन के ठीक सामने चलती हुई बारात की बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि, बस चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते बस में सवार सभी बारातियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
अफरा-तफरी के बीच चालक ने दिखाई हिम्मत प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारातियों को लेकर यह बस नागौर से मकराना की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मनाना ग्राम में बस स्टेशन के समीप ग्राम पंचायत भवन के सामने पहुंची, अचानक उसमें आग लग गई। चलती बस में आग की भनक लगते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बिना घबराए तुरंत बस को रोका और फुर्ती दिखाते हुए सभी सवारियों को सुरक्षित नीचे उतारा।
देखते ही देखते खाक हुई बस, जुटी ग्रामीणों की भीड़ यात्रियों के नीचे उतरने के महज कुछ ही देर बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें तेजी से उठने लगीं। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग इतनी भीषण थी कि जब तक स्थिति संभलती, तब तक पूरी बस जलकर नष्ट हो चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रारंभिक तौर पर बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता और समय रहते उठाए गए कदमों के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी बाराती पूरी तरह सुरक्षित हैं।

