गुहाला और सेडुवाली से शाकंभरी सकराय धाम के लिए आज निकलेगी विशाल पैदल ध्वज यात्रा, भोपा की बावड़ी में सजेगी भव्य भजन संध्या
उदयपुरवाटी / गुहाला (सुमेर सिंह राव)
सीकर जिले के गुहाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में माता शाकंभरी की आराधना का दौर पूरे उत्साह के साथ जारी है। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी आज ढाणी सेडुवाली (डेहरा जोहड़ी) से शाकंभरी सकराय धाम तक विशाल पैदल ध्वज (निशान) यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।
हजारों श्रद्धालु नाचते-गाते हुए पहुँचेगे दरबार:
माता शाकंभरी के भक्त हरफूल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल पदयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर हाथों में पवित्र निशान लेकर नाचते-गाते माता के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीण और संस्थाओं द्वारा पदयात्रियों का पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया जा रहा है।
भोपा की बावड़ी में होगा रात्रि विश्राम और भव्य भजन संध्या:
आयोजकों के अनुसार, आज निकलने वाली यह पदयात्रा रात्रि विश्राम के लिए भोपा की बावड़ी भेरुजी कोट पहुँचेगी। इसी पावन स्थल पर रात्रि के समय 'एक शाम माता रानी के नाम' विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी सुमधुर आवाज में माता के भजनों की रसगंगा प्रवाहित करेंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। इसके साथ ही रात्रि को यहीं पर विशाल महाप्रसादी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सेकड़ों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
उदयपुरवाटी में होगा शानदार स्वागत:
पदयात्रा के उदयपुरवाटी पहुँचने पर शाकंभरी गेट पर 'माँ शाकंभरी कुटुंब परिवार' के मूलचंद सैनी और अन्य सदस्यों द्वारा यात्रा का फूलों की वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

