पंचायतीराज चुनाव में टिकट वितरण से नाराजगी, मंजूर तंवर ने छबड़ा विधानसभा प्रभारी पद से दिया इस्तीफा
19 माह तक निभाई जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और प्रत्याशी चयन पर जताई नाराजगी; प्रदेशाध्यक्ष को भेजा त्यागपत्र
बारां (शाहिद इकबाल भाटी) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं छबड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी मंजूर तंवर एडवोकेट ने विधानसभा प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भेजकर इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है। तंवर ने छबड़ा और छीपाबड़ौद पंचायत समितियों में हो रहे पंचायतीराज चुनावों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर नाराजगी जताई है।
प्रदेशाध्यक्ष को भेजे पत्र में मंजूर तंवर ने बताया कि उन्हें पिछले 19 माह से छबड़ा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दौरान उन्होंने मेहनत, लगन और ईमानदारी से दायित्व निभाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों का पालन किया तथा संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया।
उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि वर्तमान में छबड़ा और छीपाबड़ौद पंचायत समितियों के चुनाव में संगठन के लिए लगातार संघर्ष करने वाले और जनाधार रखने वाले कार्यकर्ताओं की जगह ऐसे लोगों को प्रत्याशी बनाया गया है, जिनका संगठन से जुड़ाव नहीं रहा। उन्होंने प्रत्याशी चयन में धनाढ्य लोगों के यहां काम करने वालों, नेताओं के रिश्तेदारों और निजी व्यक्तियों को प्राथमिकता दिए जाने पर भी सवाल उठाए।
तंवर ने कहा कि इस तरह के निर्णयों से संगठन के प्रति निष्ठा रखने वाले और लंबे समय से पार्टी को मजबूत करने में जुटे कार्यकर्ताओं में निराशा है। क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सवालों का वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इसी स्थिति को देखते हुए उन्होंने नैतिकता के आधार पर छबड़ा विधानसभा प्रभारी पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
पत्र के अंत में उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष से त्यागपत्र स्वीकार करने का आग्रह करते हुए उनके कार्यकाल में संगठन को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना भी की।

