चित्तौड़गढ़ जेल में बंदियों की 'पार्टी और रील' का मामला गरमाया: 10 आरोपी गिरफ्तार, जेलर समेत 4 कर्मचारी निलंबित

Aug 6, 2026 - 00:50
Aug 6, 2026 - 17:28
 0
चित्तौड़गढ़ जेल में बंदियों की 'पार्टी और रील' का मामला गरमाया: 10 आरोपी गिरफ्तार, जेलर समेत 4 कर्मचारी निलंबित

जेल के अंदर डांस और नशा करते वीडियो वायरल होने पर बड़ा एक्शन; डीजी ने जारी किए निलंबन के आदेश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह के भीतर बंदियों द्वारा पार्टी करने, डांस करने और नशा करते हुए रील (वीडियो) बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, जेल प्रशासन की आंतरिक जांच रिपोर्ट के आधार पर जेल महानिदेशक (डीजी) अशोक राठौड़ ने तत्कालीन जेलर ओंकार लाल, हवालदार महेंद्र सिंह, तथा जेल प्रहरी रईस मोहम्मद व सुनीता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

तलाशी में मिले दो मोबाइल, 10 आरोपी दबोचे गए

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तत्कालीन कारापाल उज्जवल सिंह राठौड़ की रिपोर्ट के बाद 23 जुलाई को जब जेल परिसर की सघन तलाशी ली गई, तो बंदी मोहित की निशानदेही पर स्टोर रूम से पन्नी में छिपाकर रखे गए दो मोबाइल (एक एंड्रॉइड व एक कीपैड) बरामद हुए। इसके बाद राजस्थान कारागार अधिनियम की धारा 42 और बीएनएस (BNS) की धारा 111(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने अब तक रोहतक निवासी मोहित, भैरूलाल गुर्जर, सत्यनारायण गुर्जर, प्रहलाद राय गुर्जर, शोभालाल, विनोद गुर्जर, हर्षवर्धन सिंह राजपूत, नारायण लाल सुथार, दशरथ गुर्जर और मनोहर लाल जाट को गिरफ्तार किया है।

कड़ी सुरक्षा के बीच जेल के अंदर कैसे पहुँचे मोबाइल?

पुलिस की जांच फिलहाल इस मुख्य बिंदु पर केंद्रित है कि प्रतिबंधित मोबाइल फोन और नशीला पदार्थ सुरक्षा घेरे को तोड़कर जेल के अंदर किसके माध्यम से पहुंचे और बंदियों द्वारा बनाए गए वीडियो जेल से बाहर किसने भिजवाए। पुलिस ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है।

डीजी जेल बोले- विभागीय चार्जशीट होगी जारी

निलंबन की कार्रवाई पर डीजी जेल अशोक राठौड़ ने स्पष्ट किया कि चारों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के तहत चार्जशीट जारी की जाएगी। यदि जांच में बंदियों के साथ कर्मचारियों की सीधी मिलीभगत पाई जाती है, तो और भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि चित्तौड़गढ़ जेल में पहले भी मोबाइल मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में आ गई है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................