कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का प्रवर्तन अधिकारी एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
जयपुर (अनिल गुप्ता) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ, जयपुर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुए आरोपी सोनू मौर्य, प्रवर्तन अधिकारी, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, जयपुर को एक लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म में कार्यरत कार्मिकों का पीएफ जमा नहीं करवाने के संबंध में उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं करने तथा बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में आरोपी सोनू मौर्य द्वारा दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
उक्त शिकायत पर रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया, जिसमें आरोपी द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत राशि की मांग करना पाया गया। आज आरोपी ने परिवादी की फर्म के सीए की मौजूदगी में सह-परिवादी से मांग के अनुसार एक लाख रुपये रिश्वत राशि प्राप्त की, जिसे एसीबी टीम द्वारा बरामद कर लिया गया।
एसीबी के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ के मनोज कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही करते हुए आरोपी सोनू मौर्य को एक लाख रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

