वीर तेजाजी मंदिर परिसर में गूंजेंगे तेजाजी के जयकारे: 20 को विशाल भजन संध्या, 21 को होगा महाभंडारा
सीकर (सुमेरसिंह राव) जिले के कुशलपुरा के समीप स्थित निर्वाणो की ढाणी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय वीर तेजा दशमी मेला महोत्सव 20 और 21 सितंबर को बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
मंदिर के लालचंद (गुरुजी) एवं मूलचंद (भगत) ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 20 सितंबर (रविवार, नवमी) को रात्रि 9:00 बजे विशाल भजन संध्या से होगी। इसमें प्रसिद्ध गायक कलाकार किशोर मीणा एंड पार्टी तथा डांसर सनी राजस्थानी भजनों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए तेजाजी महाराज का गुणगान करेंगे।
महोत्सव के दूसरे दिन 21 सितंबर (सोमवार, तेजा दशमी) को प्रातः 9:15 बजे से वैदिक रीति-रिवाज के साथ हवन, पूजन और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात विशाल भंडारा शुरू होगा, जिसमें आसपास एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले हजारों श्रद्धालु महाप्रसादी ग्रहण करेंगे। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।

