अवैध वनस्पति फैट फैक्ट्री पर छापा:690 किलो फैट जब्त, पैकिंग सामग्री और मशीनें मिलीं; फैक्ट्री सील
फलोदी/खींचन:
त्योहारों से पहले मिलावटखोरों और अनधिकृत खाद्य कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फलोदी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गांव खींचन में 'मेसर्स वी महावीर चंद स्वरूप चंद' नाम से संचालित कथित अवैध वनस्पति फैट फैक्ट्री पर औचक छापा मारा। मौके पर 'केसर प्रीमियम वेजिटेबल फैट' ब्रांड के नाम से अनधिकृत रूप से खाद्य पदार्थ तैयार और पैक किए जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग सामग्री, मशीनें तथा 15 किलो क्षमता वाले वनस्पति फैट के टिन और जार बरामद हुए। खाद्य सुरक्षा टीम ने वैधानिक अनुपालना की जांच करते हुए कुल 690 किलोग्राम वनस्पति फैट जब्त किया और फैक्ट्री को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु:
- 3 नमूने जांच के लिए भेजे: खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मौके से 3 खाद्य पदार्थों व कच्चे माल के नमूने लेकर जांच प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
- त्योहारों पर शुद्धता की गारंटी: सीएमएचओ डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन को शुद्ध और safe खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह सघन अभियान चलाया जा रहा है।
- रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई: सीएमएचओ के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरी और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ विभाग का रुख सख्त रहेगा।

