गोगरा की बेटी वियोना जाखड़ के तीखे तेवर: राहुल गांधी के साथ दिल्ली में तीसरे दिन भी जारी रहा प्रदर्शन
तखतगढ़/नई दिल्ली (बरकत खान)। पाली जिले के गोगरा गांव की युवा छात्र नेत्री वियोना जाखड़ (जाट) इन दिनों राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने तीखे तेवरों और आंदोलनकारी रुख को लेकर सुर्खियों में हैं। चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी गठबंधन (INDIA ब्लॉक) के बैनर तले चल रहे विरोध-प्रदर्शन में वियोना पिछले तीन दिनों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ अग्रिम पंक्ति में डटी हुई हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में विपक्षी दलों ने दिल्ली में मोर्चा खोल रखा है। 8 अक्टूबर को राजघाट मार्च के दौरान विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में भी लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम में NSUI से जुड़ी वियोना जाट की सक्रिय मौजूदगी ने राजस्थान के राजनीतिक और छात्र हलकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
- पानी की टंकी पर 42 घंटे डटी रहकर बटोरी थीं सुर्खियां
वियोना छात्र राजनीति में अपने मुखर और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। इससे पहले राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास पानी की टंकी पर 42 घंटे चले हाई-वोल्टेज प्रदर्शन में भी वह मुख्य चेहरा थीं। सरकार के आश्वासन के बाद समाप्त हुए उस स्थानीय आंदोलन के बाद अब दिल्ली के राष्ट्रीय मंच पर उनकी धमक को उनके राजनीतिक सफर का बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।
- स्थानीय छात्र राजनीति से राष्ट्रीय पटल तक का सफर
छात्र मुद्दों से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाली पाली की इस बेटी का राष्ट्रीय स्तर पर लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी पारदर्शिता की लड़ाई में बड़े नेताओं के साथ खड़े होना राजस्थान के युवा नेतृत्व के उभार का संकेत माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि यदि उनकी यह सक्रियता इसी तरह बनी रही, तो आने वाले समय में प्रदेश की मुख्यधारा की राजनीति और संगठन में उनके लिए बड़ी जिम्मेदारियों के रास्ते खुल सकते हैं।

