चुनाव में बांटने ले जाई जा रही अवैध शराब बरामद: पुलिस नाकाबंदी देख थार जीप छोड़कर भागे तस्कर
धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए लाई जा रही अवैध शराब की खेप पर आंगई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक थार जीप से अवैध शराब की 3 पेटियां बरामद की हैं। हालांकि, सामने पुलिस का जाब्ता देखकर तस्कर वाहन को मौके पर ही लावारिस छोड़कर भागने में सफल रहे।
- मुखबिर की सूचना पर चिलाचौंद-धोंध मार्ग पर की गई नाकाबंदी
थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि चिलाचौंद से धोंध रोड की तरफ एक संदिग्ध थार जीप में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट मोड पर आ गई और संबंधित मार्ग पर सख्त नाकाबंदी लगा दी गई।
- पुलिस को देख गाड़ी छोड़ अंधेरे में भागे बदमाश
नाकाबंदी के दौरान जब संदिग्ध थार जीप सामने से आती दिखाई दी, तो पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक और उसके साथ मौजूद बदमाश घबरा गए और जीप को सड़क किनारे छोड़कर खेतों व अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने जब लावारिस हालत में मिली जीप की तलाशी ली, तो उसके अंदर से अवैध शराब की 3 पेटियां बरामद हुईं।
- आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच से स्पष्ट है कि यह शराब पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने व बांटने के मकसद से ले जाई जा रही थी। पुलिस ने अवैध शराब और थार जीप को जब्त कर आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और क्षेत्र में अवैध शराब व चुनावी प्रलोभनों की रोकथाम के लिए सघन तलाशी अभियान जारी है।

