सलूंबर में नकली घी बनाने की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई; 15 किलो घी जब्त, 5 नमूने जाँच के लिए भेजे
सलूंबर / राजस्थान
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण (राजस्थान, जयपुर) टी. शुभ मंगला के निर्देशों तथा जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद व सीएमएचओ डॉ. महेंद्र कुमार परमार के निर्देशन में चलाए जा रहे "शुद्ध आहार, मिलावट पर वार" अभियान के तहत सलूंबर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ऋतु परिवर्तन के दौरान दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
सेरिया कस्बे की डेयरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिली सामग्री
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने सेरिया कस्बे में स्थित 'मैसर्स एच.डी. डेयरी एवं नमकीन पार्लर' का औचक निरीक्षण किया। यहाँ टीम को वनस्पति घी के डिब्बे, सोयाबीन तेल के खाली कैन और घी बनाने में इस्तेमाल होने वाली भट्टी व कड़ाही जैसी संदिग्ध सामग्रियाँ मिलीं। संचालक द्वारा संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर टीम को नकली घी तैयार किए जाने की आशंका हुई।
15 किलो घी जब्त, दूध के भी लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 15 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया और उसका नमूना सील किया। इसके अलावा इसी प्रतिष्ठान से दूध का नमूना भी लिया गया।
इन डेयरियों से भी लिए गए सैंपल:
मातेश्वरी दूध डेयरी
पटेल केवलीलाल डेयरी (बड़ावली)
जय सांवरिया डेयरी (डाल चौराहा)
कुल पांचों नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला (Public Health Laboratory) भेजा गया है।
दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
सीएमएचओ एवं अभिहित अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कारोबारियों को खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के साथ प्रशिक्षु राकेश पुष्करणा एवं निशा मीना मौजूद रहे।


