पुणे वॉरियर्स ने खण्डेलवाल केपीएल खिताब जीता:विजेता टीम को 55 हजार नकद, उपविजेता चेन्नई को 41 हजार रुपए का पुरस्कार
खण्डेलवाल प्रीमियर लीग (केपीएल) सीजन-11 के फाइनल में पुणे वॉरियर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम पुणे वॉरियर्स को ट्रॉफी सहित 55 हजार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता चेन्नई सुपर किंग्स टीम को भी ट्रॉफी एवं 31 हजार रुपए सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया। आयोजन कमेटी के लोकेश खंडेलवाल के अनुसार अरविंद पवेलियन खेल मैदान पर खेले गए फाइनल में पुणे वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 118 रन बनाए। चेन्नई के बल्लेबाजों ने संयमित शुरुआत की, लेकिन पुणे के गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी से रन गति पर नियंत्रण रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए पुणे वॉरियर्स ने धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी का संतुलन दिखाया। टीम ने 17.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 122 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। पुणे की ओर से कमलेश ने 33 रन और कौशल ने 41 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। मोहित ने 20 रन और जयेश ने 19 रन का योगदान दिया। गेंदबाज सतीश ने तीन विकेट चटकाए। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कौशल को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। पुणे वॉरियर्स के विजयी सिक्स लगाते ही पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। खिलाड़ियों, समर्थकों और समाज बंधुओं ने मैदान में पहुंचकर टीम की जीत का जोरदार स्वागत किया और डीजे की धुन पर जमकर जश्न मनाया। समापन समारोह में केपीएल कमेटी द्वारा विजेता टीम पुणे वॉरियर्स को ट्रॉफी सहित 55 हजार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता चेन्नई सुपर किंग्स टीम को भी ट्रॉफी एवं 31 हजार रुपए सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न भामाशाहों एवं समर्थकों द्वारा विजेता टीम के उत्साहवर्धन के लिए अतिरिक्त पुरस्कार राशियों की भी घोषणा की गई। टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज के विजेता चेन्नई के अर्जुन बने जिन्हें ट्रॉफी और 21 हजार रुपए दिए गए। इसी प्रकार प्रतियोगिता में श्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में चेन्नई के कमलेश और श्रेष्ठ बल्लेबाज स्पार्टन के शैलेंद्र को राशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। 24 मैच के सभी मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी सम्मानित सभी 24 मैच के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी जिसमें पुणे के सतीश, मारवाड़ के विनायक, गुजरात के विक्रम, स्पार्टन के शैलेंद्र, मुंबई इलेवन के कपिल, आमची मुंबई के सत्या, विराट सुपर किंग के पंकज, आरसीबी के मोक्ष,स्पार्टन के नरेश, राजस्थान सुपर जेंट्स के केडी, साउथर्न स्टार के अमन, पुणे वारियर्स के डॉलर, चेन्नई सुपर किंग के अल्केश, मारवाड़ टाइटंस के जीनय, स्पार्टन के चिंटू, आरसीबी के मदन, आमची मुंबई के सतीश, चेन्नई सुपर किंग के दीपू, पुणे वारियर्स के प्रवीण, मारवाड़ टाइटन के विशाल, साउथर्न के अमन, चेन्नई के अर्जुन और पुणे वारियर्स के कौशल को राशि व पदक देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की हुई सराहना आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजन, प्रवासी परिवार, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन कमेटी की व्यवस्थाओं, अनुशासन एवं भव्य आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज की एकता, युवा प्रतिभा और सामाजिक समरसता का श्रेष्ठ मंच बताया। कमेटी के चंपत कुलवाल एवं लोकेश खण्डेलवाल ने सभी टीमों, खिलाड़ियों, भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं, मीडिया बंधुओं, विभिन्न व्यवस्था प्रदाता एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और युवाओं के उत्साह से समाज का टूर्नामेंट निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है। टूर्नामेंट में कमेटी सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।


