दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास कड़बी के पूंजों में मिला कठुमर निवासी युवक का शव: सिर आधा फटा, पास में मिला देसी कट्टा; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Nov 15, 2026 - 17:05
 0
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास कड़बी के पूंजों में मिला कठुमर निवासी युवक का शव: सिर आधा फटा, पास में मिला देसी कट्टा; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बड़ौदामेव / अलवर 

अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्थित खोरपुरी पुलिया के पास रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ कड़बी  के पूंजों के बीच 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक का सिर आधा फटा हुआ था और उसके पास से 315 बोर का एक देसी कट्टा तथा एक बैग भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बड़ौदामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहाँ मेडिकल बोर्ड से उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया है। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासे की मांग की है।

खेत मालिक की सूचना पर हुआ खुलासा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे खेत मालिक करण सिंह खोरपुरी पुलिया के पास अपने कड़बी के पूंजों को मशीन से कटवाने पहुंचे थे। जब उन्होंने पूंजों के पास देखा, तो वहाँ एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। यह देखते ही उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत 1033 पर ओर बड़ौदामेव थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुँचा और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर वहाँ पड़े देशी कट्टे और बैग को जब्त कर लिया।

आधार कार्ड से हुई शिनाख्त

मौके पर मिले पर्स और आधार कार्ड के जरिए मृतक की पहचान कठूमर निवासी रविकांत (25) पुत्र रणवीर सिंह चौधरी के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुँचे।

परिजनों का दर्द और घटनाक्रम

मृतक के चाचा धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रविकांत गुरुग्राम के एक होटल में मैनेजमेंट का काम करता था और दीवाली पर छह दिन की छुट्टी लेकर अपने घर आया था।

वहीं, ताऊ महेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि रविकांत शनिवार (14 नवंबर) सुबह नोएडा में अपने काम पर लौटने के लिए घर से निकला था। उसने कठूमर से सुबह 7 बजे दिल्ली-भूसावर वाली बस पकड़ी थी। वह करीब 11 बजे गुरुग्राम पहुँचा था। उसी समय परिवार के एक सदस्य की उससे फोन पर बात भी हुई थी, तब उसने सुरक्षित पहुँचने की बात कही थी। लेकिन रविवार सुबह जब परिजनों ने उसे फोन किया, तो उसने फोन नहीं उठाया। कुछ ही देर बाद पुलिस के जरिए बड़ौदामेव में उसकी लाश मिलने की मनहूस खबर मिली।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों का आरोप है कि रविकांत की गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रविकांत दो भाइयों में छोटा था और उसके परिवार में उसकी पत्नी के अलावा 14 महीने की एक बेटी और सवा महीने का एक छोटा बेटा है।

पुलिस का बयान

मामले को लेकर बड़ौदामेव थानाधिकारी (CI) राजकुमार ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास खोरपुरी पुलिया के पास एक युवक का शव मिला है, जिसकी शिनाख्त रविकांत निवासी कठूमर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का पूरा आश्वासन दिया है और जल्द ही इस मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................