पुलिस की बड़ी कामयाबी: 3 साल में साइबर ठगी की ₹19.94 करोड़ राशि होल्ड, रिकवर किए गए 13,789 खोए मोबाइल
बीकानेर / राजस्थान
बीकानेर रेंज (बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू) में पिछले तीन वर्षों के दौरान साइबर अपराध की रोकथाम और पीड़ितों को राहत दिलाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक (IG) ओमप्रकाश के निर्देशन में चलाई गई त्वरित कार्रवाई के तहत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज 45 हजार से अधिक शिकायतों पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने 19 करोड़ 94 लाख रुपये से अधिक की राशि होल्ड कराई है। इसके अलावा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से तीन सालों में 13,789 चोरी व खोए हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाए गए हैं।
3 साल में दर्ज हुईं 45 हजार शिकायतें, लेकिन ठगी की रकम घटी
जारी रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, बीकानेर रेंज के चारों जिलों में लगातार जागरूकता बढ़ने के कारण हेल्पलाइन 1930 पर शिकायतों की संख्या तो बढ़ी है, लेकिन ठगी की कुल रकम में भारी कमी आई है:
-
शिकायतों का आंकड़ा: वर्ष 2024 में 12,624, वर्ष 2025 में 15,009 और वर्ष 2026 में 17,349 शिकायतें दर्ज की गईं।
-
ठगी की राशि में आई गिरावट: वर्ष 2024 में ₹6.98 करोड़ की ठगी हुई थी, जो 2025 में घटकर ₹6.75 करोड़ और वर्ष 2026 में घटकर ₹5.19 करोड़ रह गई।
समय रहते होल्ड कराई गई करोड़ों की रकम
पुलिस की सजगता के चलते साइबर अपराधियों के खातों में ट्रांसफर हुई रकम को तुरंत ब्लॉक व होल्ड कराया गया:
-
वर्ष 2024 में ₹1.12 करोड़
-
वर्ष 2025 में ₹1.73 करोड़
-
वर्ष 2026 में ₹1.28 करोड़ की राशि साइबर पुलिस ने होल्ड करवाने में सफलता हासिल की।
CEIR पोर्टल से ट्रेस हुए 13,789 मोबाइल
खोए और चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बीकानेर रेंज को अभूतपूर्व सफलता मिली है। तीन वर्षों में CEIR पोर्टल के जरिए कुल 13,789 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
-
वर्ष 2026 का जिलेवार आंकड़ा: हनुमानगढ़ में सबसे ज्यादा 2,963, श्रीगंगानगर में 616, बीकानेर में 381 और चूरू जिले में 267 मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने परिवादियों के सुपुर्द किए।
जागरूकता अभियानों का दिखा असर, पुलिस की खास अपील
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रेंज पुलिस ने लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाए। तीन वर्षों में कुल 4,407 (2024 में 1071, 2025 में 1916 और 2026 में 1420) जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के साथ भी किसी प्रकार का साइबर फ्रॉड होता है, तो 'गोल्डन आवर्स' में तुरंत नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। साथ ही मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर जानकारी अपलोड करें, जिससे ठगी की राशि होल्ड कराने और मोबाइल मिलने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

