धौलपुर में ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में छोड़ा सर्जिकल तौलिया,पेट दर्द और टांकों में संक्रमण के बाद सोनोग्राफी कराने पर खुलासा, मामला दर्ज

Nov 18, 2026 - 18:12
 0
धौलपुर में ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में छोड़ा सर्जिकल तौलिया,पेट दर्द और टांकों में संक्रमण के बाद सोनोग्राफी कराने पर खुलासा, मामला दर्ज

धौलपुर / राजस्थान  

धौलपुर के एक निजी अस्पताल में चिकित्सीय लापरवाही का बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहां प्रसव (डिलीवरी) के ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक द्वारा एक प्रसूता के पेट में सर्जिकल तौलिया ही छोड़ दिया गया। इस बड़ी चूक के कारण महिला की जान पर बन आई और उसे महीनों तक असहनीय दर्द व संक्रमण से जूझना पड़ा। बाद में आगरा में हुई जांच और दोबारा ऑपरेशन के बाद महिला के पेट से तौलिया निकाला जा सका।

24 अगस्त को हुआ था प्रसव, तभी से शुरू हुआ दर्द का सिलसिला

जानकारी के अनुसार, बालकृष्ण तिवारी की पत्नी जूली को प्रसव पीड़ा होने पर बीते 24 अगस्त को धौलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां ऑपरेशन के जरिए जूली ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक की घोर लापरवाही के चलते सर्जिकल तौलिया महिला के पेट के अंदर ही छूट गया और ऊपर से टांके लगा दिए गए।

टांकों में फैला संक्रमण, आगरा की सोनोग्राफी में खुला राज

ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही जूली के पेट में लगातार तेज दर्द रहने लगा और टांकों में गंभीर संक्रमण (इन्फेक्शन) फैल गया। स्थानीय स्तर पर इलाज के बावजूद जब महिला की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ और दर्द बढ़ता चला गया, तो चिंतित परिजन उसे इलाज के लिए आगरा ले गए। वहां डॉक्टरों ने जब महिला की सोनोग्राफी की, तो रिपोर्ट देखकर सबके होश उड़ गए। पेट के अंदर एक सर्जिकल तौलिया साफ दिखाई दे रहा था। इसके बाद आगरा के डॉक्टरों ने तुरंत दूसरा ऑपरेशन कर महिला के पेट से तौलिया बाहर निकाला, तब जाकर उसकी जान बच सकी।

सरकारी डॉक्टर पर निजी अस्पताल में ऑपरेशन करने का आरोप

इस जानलेवा लापरवाही से आक्रोशित परिजनों ने धौलपुर के कोतवाली थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सरकारी चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता ने निजी अस्पताल में आकर जूली का ऑपरेशन किया था।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि पीड़ित परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल रिकॉर्ड और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................