नीली बत्ती वाली कार से 'नकली इनकम टैक्स रेड' डालकर लूटा था 3.37 करोड़ का सोना; 5 साल बाद आगरा से दबोचा गया मुख्य सरगना
आगरा / शशि जायसवाल
फिल्मी अंदाज में खुद को आयकर अधिकारी बताकर 3.37 करोड़ रुपये का सोना लूटने वाले शातिर बदमाश की पांच साल लंबी फरारी आखिरकार खत्म हो गई है। यूपी एसटीएफ और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने आगरा के सेवला जाट क्षेत्र में सटीक घेराबंदी करते हुए मुख्य आरोपी सुंदर सिंह सोलंकी को धर दबोचा।
नीली बत्ती और फर्जी आई-कार्ड से रची थी लूट की साजिश
पुलिस के मुताबिक, यह हाई-प्रोफाइल वारदात फरवरी 2021 में गुजरात के बगोदरा इलाके में हुई थी। आरोपी सुंदर सिंह सोलंकी ने अपने साथियों के साथ मिलकर नीली बत्ती लगी कार से एक यात्री बस को बीच रास्ते में रुकवाया था। आरोपियों ने रौब झाड़ते हुए खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया और फर्जी पहचान पत्र दिखाए। 'चेकिंग' के बहाने उन्होंने बस में रखा करीब 3.37 करोड़ रुपये मूल्य का पांच किलोग्राम सोना कब्जे में लिया और मौके से फरार हो गए।
सेवला जाट से दबोचा, अब गुजरात पुलिस ले जाएगी रिमांड पर
वारदात के बाद से ही मुख्य सूत्रधार सुंदर सिंह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। हाल ही में संयुक्त टीम को उसके आगरा के सेवला जाट इलाके में छिपे होने का पुख्ता इनपुट मिला, जिसके बाद दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस टीम कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर गुजरात ले जाने की तैयारी कर रही है, ताकि लूट के माल और अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ की जा सके।

