हिण्डौन सिटी में जैन समाज ने बकरीद को 'करुणा दिवस' के रूप में मनाया; सामूहिक आयंबिल तप और सामायिक अनुष्ठान के जरिए दिया जीवदया और अहिंसा का पावन संदेश
हिण्डौन सिटी (कमलेश जैन)। जैन समाज हिण्डौन सिटी द्वारा करुणा, अहिंसा और जीवदया के पावन संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक अनूठी और अनुकरणीय पहल की गई। अलर्ट ग्रुप ऑफ इंडिया, हिण्डौन सिटी के तत्वावधान में बकरीद के पर्व को 'करुणा दिवस' के रूप में मनाते हुए मूक एवं अबोल जीवों की आत्मिक शांति के लिए भव्य सामूहिक आयंबिल तप और सामूहिक सामायिक का विशेष धार्मिक आयोजन किया गया।
अलर्ट ग्रुप, हिण्डौन के सचिव एडवोकेट विवेक जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आध्यात्मिक आयोजन स्व. श्रीमती शीला देवी जैन (धर्मपत्नी स्व. मूलचंद जैन, कंजोली वाले) की पावन पुण्यस्मृति में आयोजित किया गया। उनके सुपुत्रों—प्रदीप कुमार एवं जयदीप कुमार जैन परिवार द्वारा इस अवसर पर सामायिक और तप की आराधना करने वाले सभी धर्मावलम्बियों के बहुमान (सम्मान) का संपूर्ण लाभ लिया गया। इसके साथ ही, श्री जैन श्वेतांबर पल्लीवाल मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट, नई मण्डी द्वारा भी आयंबिल तप की साधना करने वाले आराधकों का विशेष बहुमान किया गया।
इस आयोजन के तहत नवीन उपाश्रय भवन (मोहन नगर), वर्धमान नगर, तथा केशवपुरा स्थानक भवन में सुबह 9 बजे एक अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला, जब 200 से अधिक जैन धर्मावलम्बी भाई-बहनों ने एक साथ एकाग्र होकर अबोल जीवों की आत्मिक शांति, समाधि, करुणा और अहिंसा के भावों के साथ सामूहिक सामायिक की। इसके साथ ही, 30 आराधकों ने कड़े नियमों का पालन करते हुए सामूहिक आयंबिल तप की कठिन साधना की।
इस पावन अवसर पर अलर्ट ग्रुप के अध्यक्ष एडवोकेट भगवान सहाय जैन और राजस्थान अलर्ट प्रभारी डॉ. मनोज जैन ने संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जहां चारों ओर हिंसा, क्रूरता और संवेदनहीनता पैर पसार रही है, ऐसे दौर में आयंबिल तप और सामायिक जैसे उच्च आध्यात्मिक अनुष्ठान मनुष्य के भीतर आत्मशुद्धि, संयम और जीवदया के बीज बोते हैं। उन्होंने कहा कि करुणा ही संसार का सच्चा धर्म है और अहिंसा ही सच्ची पूजा है। इस आयोजन का मूल उद्देश्य इसी पावन संदेश को आम जनमानस के दिलों तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने जीव रक्षा के संकल्प को दोहराया तथा करुणा व अहिंसा के शाश्वत मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में पूर्ण निष्ठा के साथ अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
जैन अलर्ट ग्रुप ऑफ इंडिया, हिण्डौन सिटी ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे समाज में आपसी सद्भाव और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जीवदया से जुड़े कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने में नरेश चंद जैन, विकास जैन, कपिल जैन, राकेश जैन, सतीश चंद जैन, राजकुमार जैन, श्रीपाल जैन आदि समाजसेवियों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपनी सराहनीय सहभागिता दर्ज की।


