नशा तस्करी के खिलाफ 'ऑपरेशन चक्रव्यूह': हनुमानगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत पुलिस ने 3 अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीलीबंगा पुलिस ने एक कार से 1065 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए, जबकि सदर और पल्लू थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के पुराने मामलों में फरार चल रहे 2 आरोपियों को दबोचा। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मंडी पीलीबंगा निवासी 33 वर्षीय सुल्तान सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी कार से कुल 1065 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए, जिनमें 590 टेपेंटाडोल टैबलेट, 400 प्रेगाबालिन कैप्सूल, 60 अल्प्राजोलम टैबलेट और 15 ट्रामाडोल टैबलेट शामिल हैं। तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी सुल्तान सिंह के खिलाफ पहले भी चोरी, मारपीट, आबकारी एक्ट और नशीले कैप्सूल की तस्करी के 4 मामले पीलीबंगा और टाउन थाना में दर्ज हैं।
डेढ़ साल से फरार बदमाश को पकड़ा
सदर थाना पुलिस ने सीकर जिले के सिमारला जागीर निवासी 31 वर्षीय मुकेश कुड़ी को गिरफ्तार किया। वह अवैध डोडा पोस्त बरामदगी के एक मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा था। जनवरी 2025 में 1.307 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद होने के बाद गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में मुकेश से मादक पदार्थ खरीदने की जानकारी दी थी, जिसके बाद से वह फरार था।
2 साल से फरार आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर अरेस्ट
पल्लू थाना पुलिस ने चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा निवासी 57 वर्षीय शिवलाल को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। शिवलाल वर्ष 2024 में 10 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में करीब दो साल से फरार था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।


