9 देशों की सैर और करोड़ों का ऐशो-आराम भी नहीं रोक सका वैराग्य की राह; सूरत की दो सगी बहनें लेंगी जैन दीक्षा
9 देशों की सैर और करोड़ों का ऐशो-आराम भी नहीं रोक सका वैराग्य की राह; सूरत की दो सगी बहनें लेंगी जैन दीक्षा
सूरत (गुजरात) कमलेश जैन। जहां एक ओर किशोर उम्र में बच्चे दुनिया की चकाचौंध, आधुनिक सुख-सुविधाओं और करियर के सपनों में खोए रहते हैं, वहीं गुजरात के सूरत शहर से वैराग्य और त्याग की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा है। सूरत के एक प्रतिष्ठित टेक्सटाइल कारोबारी परिवार की दो सगी बहनें—दृष्टि (17) और पूजा (14)—जैन दीक्षा लेकर संन्यास का मार्ग अपनाने जा रही हैं।
परिवार के अनुसार, दोनों बहनों को भौतिक सुख-सुविधाओं और सांसारिक जीवन की वास्तविकता से रूबरू कराने के लिए दुनिया के 9 देशों की सैर करवाई गई थी। उन्हें महंगे क्रूज का आनंद भी दिलाया गया, ताकि वे ऐशो-आराम और सांसारिक आकर्षण को करीब से समझ सकें। लेकिन इतने समृद्ध और सुविधा संपन्न माहौल के बावजूद दृष्टि और पूजा का वैराग्य का संकल्प तनिक भी नहीं डिगा।
करोड़ों की संपत्ति और आलीशान जीवनशैली को पीछे छोड़ संयम और आत्मकल्याण का पथ चुनने के दोनों बहनों के इस फैसले की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। बेटियों के संन्यास के मार्ग पर बढ़ने से जहां मां के लिए उनसे दूर होने का क्षण बेहद भावुक है, वहीं उन्हें अपनी बेटियों के इस अडिग निर्णय और आत्मबल पर गहरा गर्व भी है।
सूरत के इस टेक्सटाइल कारोबारी परिवार की दोनों बेटियों का यह कदम यह संदेश देता है कि सच्चा वैराग्य वही है, जब जीवन में तमाम सुख-सुविधाएं और आकर्षण मौजूद होने के बावजूद मन आत्मिक शांति और संयम की राह चुनता है।

