48 करोड़ के बिल पास करने की एवज में रिश्वत': बीकानेर में CBI का बड़ा एक्शन: रेलवे के दो कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
बीकानेर में CBI का बड़ा एक्शन: 48 करोड़ के टेंडर बिल पास करने के बदले 1.20 लाख रुपए रिश्वत लेते दो रेलकर्मी गिरफ्तार
बीकानेर / राजस्थान। बीकानेर में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे विभाग के दो कर्मचारियों को 1 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सीनियर सेक्शन ऑफिसर (SSO) और एक अन्य रेलवे कर्मचारी शामिल है।
यह कार्रवाई गुरुवार शाम ढोला मारू होटल के पास स्थित रेलवे के कंस्ट्रक्शन विंग के ऑफिस में की गई। CBI की इस रेड के बाद से ही पूरे रेलवे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
48 करोड़ रुपए के टेंडर से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार, मामला कोलकाता की MRT कंपनी के करीब 48 करोड़ रुपए के टेंडर से जुड़े बिलों के भुगतान और उन्हें पास करने की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि रेलवे के इन दोनों कार्मिकों द्वारा कंपनी के लंबित बिलों को आगे बढ़ाने की एवज में 1.20 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायतकर्ता द्वारा घूस मांगे जाने की सूचना CBI को दी गई थी। CBI ने शिकायत का प्राथमिक सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई। रणनीति के तहत जैसे ही कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा रिश्वत की रकम अधिकारियों को सौंपी गई, CBI की टीम ने दबिश देकर दोनों रेलकर्मियों को रंगे हाथों धर दबोचा।
दस्तावेजों की जांच जारी, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
कार्रवाई के तुरंत बाद CBI टीम ने करीब 48 करोड़ रुपए के टेंडर, बिल भुगतान और रिश्वत से संबंधित सभी महत्वपूर्ण फाइलों व दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम पर रेलवे के उच्च अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।

