सड़क हादसा:'बार-बार चोट खाने से पत्थर भी टूट जाते हैं माधव...' इंस्टाग्राम पर लिखी थी दर्द की कहानी, कुछ ही देर बाद बुझ गए दो चिराग

Jul 29, 2026 - 07:50
 0
सड़क हादसा:'बार-बार चोट खाने से पत्थर भी टूट जाते हैं माधव...' इंस्टाग्राम पर लिखी थी दर्द की कहानी, कुछ ही देर बाद बुझ गए दो चिराग

जालोर। बागरा थाना क्षेत्र के रामदेवजी मंदिर के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक नून गांव स्थित अपने ननिहाल में मामा और परिजनों से मुलाकात कर घर लौट रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दिल को झकझोर देने वाली बात यह रही कि हादसे से ठीक पहले दोनों भाइयों ने साथ मिलकर एक वीडियो बनाया था, जिसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। वहीं मृतक जितेंद्र सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था— ‘बार-बार चोट खाने से तो पत्थर भी टूट जाते हैं माधव, हम तो फिर भी इंसान हैं।’ किसी को अंदाज़ा भी नहीं था कि सोशल मीडिया पर लिखा यह दर्द कुछ ही पलों में हकीकत बनकर दोनों के परिवारों को उम्र भर का गम दे जाएगा।

मामा से मिलकर लौट रहे थे दोनों भांजे

बागरा थाने के एएसआई सुनील गुर्जर ने बताया कि धानसा निवासी जितेंद्र सिंह (27) पुत्र शैतान सिंह राजपूत और नरसाणा निवासी मदन सिंह (26) पुत्र गणपत सिंह राजपूत मंगलवार को नून गांव अपने ननिहाल आए थे। शाम करीब 4 बजे जब वे बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी रामदेवजी मंदिर के पास सामने से आए ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही बागरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को सांथू अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए जाएंगे।

उजड़ गईं दो गृहस्थियां: 1 महीने पहले हुई थी शादी, सिर से उठा पिता का साया

मृतकों के मामा हड़मत सिंह ने रोते हुए बताया कि इस हादसे ने दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मृतक जितेंद्र सिंह के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जबकि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पूरे घर की जिम्मेदारी जितेंद्र पर ही थी।

वहीं, दूसरे मृतक मदन सिंह की तो महज़ एक महीने पहले ही शादी हुई थी। अभी तो हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था कि नई-नवेली दुल्हन का सुहाग उजड़ गया। इस दुखद खबर के बाद से ही दोनों गांवों (धानसा और नरसाणा) में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................