फायरिंग रेंज में धमाका, युवक की हुई मौत:सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में मशरूम तोड़ने गया था युवक, चेहरे और सीने में हुए छेद
जैसलमेर- जिले की पोकरण तहसील अंतर्गत लाठी थाना क्षेत्र में स्थित सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सैन्य अभ्यास के बाद छूटे अप्रयुक्त विस्फोटक में अचानक हुए भीषण धमाके में एक 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि युवक का चेहरा और सीना गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर रामदेवरा और लाठी थाना पुलिस सहित पोकरण वृत्ताधिकारी बुद्धाराम विश्नोई मौके पर पहुंचे और एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
मशरूम व स्क्रैप उठाने के दौरान हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सत्यनारायण सिंह (30-40 वर्ष), निवासी बिलिया (थाना पोकरण, जैसलमेर) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान था। बताया जा रहा है कि सत्यनारायण बाइक से चाचा गांव से लगभग 6 किलोमीटर दूर रेंज के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वह वहां उगे मशरूम और संभवतः कबाड़ बीनने के उद्देश्य से सेना के प्रतिबंधित फायरिंग रेंज क्षेत्र में चला गया।
वहां पड़े किसी बिना फटे हुए जिंदा शेल या विस्फोटक अवशेष को उठाते या तोड़ते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। मौके से पत्थरों और धातु के टुकड़े बरामद हुए हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में अनजाने में होता है जोखिम स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, फील्ड फायरिंग रेंज में नियमित सैन्य अभ्यास के बाद कई बार अनफोड़े शेल पड़े रह जाते हैं। जानकारी के अभाव में ग्रामीण या स्क्रैप बीनने वाले लोग इनके संपर्क में आ जाते हैं, जिससे इस तरह के जानलेवा हादसे घटित होते हैं।
जांच जारी, पोकरण मॉर्च्युरी भेजा गया शव घटनास्थल लाठी थाना क्षेत्र में आने के कारण पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोकरण स्थित राजकीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।

