डीग पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में विशेष अभियान "ऑपरेशन शिकंजा 2.0" के तहत बड़ी कार्रवाई की है। अभियान में करीब 22 सालों से फरार एक स्थायी वारंटी और 4 हजार रुपए के इनामी बदमाश सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक फायरिंग के मामले में वांछित था, जबकि दूसरा चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो अपलोड और शेयर करने के आरोप में वांछित था। पुलिस ने इन सभी पर शिकंजा कसा है। पहाड़ी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 22 साल से फरार राजू उर्फ राजमेल (निवासी रीठ, हरियाणा) को गिरफ्तार किया। राजू उर्फ राजमेल पर राजस्थान और हरियाणा में गौ-तस्करी, लूट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। कामां थाना के एक लूट के मामले में उस पर 4 हजार रुपए का इनाम घोषित था और विभिन्न न्यायालयों से स्थायी वारंट जारी थे। कामां थाना पुलिस ने 17 जुलाई को बरौली धाऊ गांव में हुए फायरिंग मामले में आरोपी घनश्याम (27) को गिरफ्तार किया है। यह घटना प्लॉट विवाद को लेकर हुई थी, जिसमें दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पहाड़ी थाना पुलिस ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े एक मामले में मोहम्मद आकिब (19, निवासी गदली) को गिरफ्तार किया। आकिब पर टेलीग्राम के माध्यम से चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो अपलोड और शेयर करने का आरोप है। जांच में आईटी एक्ट की धारा 67बी के तहत अपराध प्रमाणित होने के बाद यह गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे वीडियो या फोटो रखना, अपलोड करना अथवा शेयर करना कानूनन अपराध है।