सिरोही: छीतरिया फली में दो बच्चों की मौत के बाद चिकित्सा विभाग अलर्ट, 108 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
सिरोही / रमेश सुथार
जिले के पिंडवाड़ा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भूला के अंतर्गत उपकेंद्र काला महादेव खेड़ा की छीतरिया फली में दो बच्चों की असामयिक मृत्यु की दुखद सूचना मिलने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है। विभाग की एक विशेष मेडिकल टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए।
समय पर सही इलाज न मिलना और झाड़-फूंक बना मौत का कारण
प्रारंभिक जांच में बच्चों की मौत का मुख्य कारण समय पर सरकारी अस्पताल में उचित इलाज न मिलना और अंधविश्वास के फेर में पड़कर झाड़-फूंक में समय गंवाना सामने आया है।
चिकित्सा टीम को परिजनों ने बताया कि 12 वर्षीय बालक 8 नवंबर को बीमार हुआ था, जिसे हल्का बुखार, खांसी और पेट दर्द था। परिजन उसे स्वरूपगंज, देलदर और आबूरोड के निजी क्लीनिकों/अस्पतालों में दिखाने के बाद जब घर ला रहे थे, तो रास्ते में ही 14 नवंबर को उसकी मृत्यु हो गई। वहीं, पड़ोस की ही साढ़े चार वर्षीय बालिका 10 नवंबर को हल्के बुखार से पीड़ित हुई थी। उसे रोहिड़ा के निजी क्लीनिक दिखाने के साथ-साथ दो दिनों तक झाड़-फूंक कराई गई, जिससे उसे समय पर सही चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी और 14 नवंबर की रात उसकी भी मृत्यु हो गई।
13 घरों में हुआ स्वास्थ्य सर्वेक्षण, 108 व्यक्तियों की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल टीम ने प्रभावित फली के कुल 13 घरों का घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। इस दौरान 108 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई। गनीमत यह रही कि टीम को कोई अन्य बच्चा या व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार नहीं मिला।
जांच के दौरान:
-
बुखार के 4, सर्दी के 2, खांसी के 2, फोड़े-फुंसी के 16 और शरीर दर्द के 11 मरीज मिले, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
-
सर्वे के दौरान मिले एक 8 वर्षीय बालक (पेट दर्द, कमजोरी और हल्के बुखार के लक्षण) को तुरंत पीएचसी भूला भेजकर इलाज कराया गया, जो अब स्वस्थ है।
मलेरिया नेगेटिव, पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए
चिकित्सा दल ने क्षेत्र में एहतियात बरतते हुए कुल 19 व्यक्तियों की मलेरिया कार्ड से जांच की, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। इसके अलावा, पेयजल सुरक्षा के मद्देनजर पानी के नमूने जांच के लिए भिजवाए गए और प्रभावित परिवारों के आसपास एंटी लार्वल गतिविधियां संचालित की गईं।
चिकित्सा विभाग की सख्त अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने आमजन से पुरजोर अपील की है कि परिवार में किसी भी सदस्य के बीमार होने पर बिना देर किए तुरंत 108 एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी सरकारी अस्पताल में उपचार करवाएं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वासों में अपना कीमती समय बिल्कुल बर्बाद न करें और समय पर सही चिकित्सकीय सहायता लें।

