डूंगरपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: MLC बनाने की एवज में 1,000 रुपये की रिश्वत लेते PHC चिकित्सा अधिकारी रंगे हाथों गिरफ्तार
डूंगरपुर / अनिल कुमार गुप्ता
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी इकाई डूंगरपुर द्वारा एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) झौथरी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार को 1,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
यह था पूरा मामला
एसीबी सूत्रों के अनुसार, एसीबी इकाई डूंगरपुर में एक परिवादी द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिवादी ने बताया कि मारपीट की एक घटना के संबंध में पुलिस थाना चौरासी (जिला डूंगरपुर) में दर्ज एफआईआर के अनुसंधान के दौरान मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (MLC) बनवाने के लिए पुलिस की तहरीर लेकर वह पीएचसी झौथरी पहुंचा था। वहां तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार ने जांचें बाहर डूंगरपुर से करवाने के लिए कहा और एमएलसी बनाने की एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
सत्यापन के दौरान पकड़ी गई रिश्वत
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने नियमानुसार रिश्वत की मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी डॉक्टर ने परिवादी से 2,000 रुपये लेने पर सहमति जताई और इसी दौरान परिवादी से मौके पर 1,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त कर ली।
एसीबी की ट्रैप कार्रवाई
एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह जैन के नेतृत्व में डूंगरपुर एसीबी टीम ने जाल बिछाकर यह ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने आरोपी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार को परिवादी से 1,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के मार्गदर्शन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

