कठूमर के कटहैड़ा गाँव में गहराया पेयजल संकट: ग्रामीणों ने विधायक रमेश खींची को सौंपा ज्ञापन
3-4 हजार की आबादी बूंद-बूंद पानी को मोहताज; भूजल खारा होने से महिलाओं-बच्चों को दूर से लाना पड़ रहा पानी
कठूमर (दिनेश लेखी):
कठूमर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटहैड़ा में लंबे समय से चली आ रही गंभीर पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों और युवा मोर्चा कटहैड़ा ने आवाज़ बुलंद की है। पानी के लिए जूझ रहे ग्रामीणों ने मूथरी मंदिर परिसर में कठूमर विधायक रमेश खींची को बुलाकर अपनी समस्या से अवगत कराया और इसके स्थायी समाधान की माँग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
खारा पानी और भूजल स्तर गिरने से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों ने विधायक को जानकारी दी कि गाँव की कुल आबादी लगभग 3 से 4 हजार है, लेकिन इसके बावजूद यहाँ के बाशिंदे स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। क्षेत्र में भूजल स्तर काफी नीचे जा चुका है और उपलब्ध पानी भी खारा होने के कारण पीने योग्य नहीं है। हालात यह हैं कि महिलाओं और बच्चों को रोज कई किलोमीटर दूर से सिर या अन्य साधनों से पानी ढोकर लाना पड़ता है। गर्मियों के दिनों में यह विकट समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
पेजयल परियोजना या बोरवेल की उठाई माँग
युवा मोर्चा और ग्रामीणों ने बताया कि इस विकट संकट के स्थायी समाधान के लिए पहले भी कई स्तरों पर गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस राहत नहीं मिल पाई है। ग्रामीणों ने विधायक से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के माध्यम से गाँव में विशेष पेयजल परियोजना स्वीकृत करवाने, नई पाइपलाइन बिछवाने अथवा नए बोरवेल व ओवरहेड टैंक (टंकी) निर्माण योजना से गाँव को जोड़ने की पुरजोर माँग की।
दिसंबर अंत तक समाधान का मिला भरोसा
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए विधायक रमेश खींची ने उन्हें आश्वस्त किया कि कटहैड़ा गाँव की पेयजल समस्या के समाधान के लिए त्वरित और प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने दिसंबर माह के अंत तक इस समस्या का स्थायी समाधान करवाने का आश्वासन दिया। विधायक के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही उन्हें इस वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से निजात मिल सकेगी।

