श्रीगंगानगर में चोरों का अजीबोगरीब कारनामा: पहले दुकान से खरीदी नई जूती, फिर पास के मंदिर से उड़ा ले गए दानपात्र; CCTV वायरल
श्रीगंगानगर के बाबा रामदेव मंदिर में चोरी। चोरों ने पहले पास की दुकान से नई जूती खरीदी, फिर दानपात्र चुराकर फरार।
श्रीगंगानगर (राजस्थान)। जिले के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र स्थित संपत बस्ती में चोरी का एक अनूठा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बाइक सवार दो शातिर चोरों ने पहले तो मंदिर के पास स्थित एक जूते की दुकान से नई जूती खरीदी और उसके तुरंत बाद पास ही स्थित मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र और चांदी के छत्र चुराकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
पूजा के समय मंदिर पहुंचे सेवादार तो खुला राज सेवादार दीनदयाल मेघवाल (45), निवासी वार्ड नंबर-21 संपत बस्ती ने पुरानी आबादी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वे बस्ती में स्थित बाबा रामदेव मंदिर में सेवादार हैं। 1 अगस्त की दोपहर को वे मंदिर का ताला बंद कर घर गए थे। शाम करीब 5 बजे जब वे संध्या आरती और पूजा के लिए वापस लौटे, तो मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला।
उन्होंने तुरंत पड़ोसी प्रेम कुमार को सूचना दी और मंदिर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। मंदिर से हजारों रुपये के चढ़ावे से भरा दानपात्र और चांदी के तीन छत्र गायब थे।
जूते की दुकान के CCTV ने खोला चोरों का सुराग घटना के बाद आसपास की दुकानों के सीसीटीवी खंगाले गए। मंदिर के पास स्थित 'नग्गी शू सेंटर' के सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। फुटेज से खुलासा हुआ कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले इसी दुकान से नई जूती खरीदी थी। इसके बाद उन्होंने मंदिर को निशाना बनाया और दानपात्र को बाइक पर लादकर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस जांच और कार्रवाई मामले में हेड कॉन्स्टेबल रोहितास ने बताया कि सेवादार की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फुटेज की मदद से बाइक के नंबर और आरोपियों के हुलिए की शिनाख्त कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा।

