सिरोही:ठाकुरजी चारभुजाजी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब; गोवर्धन पूजा पर सर्व मंगल की कामना के साथ वितरित की गई प्रसादी
सिरोही (रमेश सुथार)
दीपोत्सव की मंगलमय वेला में खंडेलवाल वैश्य समाज महासंघ (नवपरगना) के तत्वावधान में सिरोही मुख्यालय के सदर बाजार स्थित श्री ठाकुरजी चारभुजाजी मंदिर में पारंपरिक गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में महाआरती एवं अन्नकूट महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान खंडेलवाल समाज के परिवारों सहित स्थानीय श्रद्धालुओं ने बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हिस्सा लेकर सर्व मंगल की कामना की और एक-दूसरे को नूतन वर्ष की बधाई दी।
महाआरती के बाद वितरित हुआ महाप्रसाद
खण्डेलवाल समाज मंदिर व्यवस्था कमेटी के लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि मंगलवार को मंदिर परिसर में उमंग और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक महाआरती में भाग लिया और भगवान ठाकुरजी से क्षेत्र में सुख, शांति, आरोग्यता व समृद्धि की सामूहिक प्रार्थना की। आरती के पश्चात मंदिर परिसर में ही श्रद्धालुओं को अन्नकूट महाप्रसाद का वितरण किया गया।
सामूहिक एकजुटता और प्रकृति सम्मान का संदेश
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने का प्रसंग समाज को संकट के समय एकजुट रहने का संदेश देता है, वहीं अन्नकूट महाप्रसाद हमें अन्नदाता, प्रकृति और गोवंश के प्रति कृतज्ञता व सम्मान की सीख देता है।
इन्होंने निभाई व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में खंडेलवाल समाज महासंघ अध्यक्ष भगवतीप्रसाद नाटाणी, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार, पुरुषोत्तम, जीवराज, मोहनलाल नाटाणी, लोकेश खंडेलवाल, इंद्रमल कायथवाल, चंद्रकांत खुटेटा, रोशन कुमार, दिनेश उर्फ बबलू सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य व्यवस्थाएँ संभालीं। वहीं प्रसादी वितरण में हरीश कुमार, दीपक, सतीश, प्रकाश कुमार, भावेश, जितेंद्र, दिलीप, विशाल और दिनेश कुमार ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया।

