अवैध देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार:हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने AGTF के सहयोग से दबोचा, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की
हनुमानगढ़ / राजस्थान
जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक शातिर अपराधी को अवैध देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
गश्त के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशों, एएसपी अरविंद और सीओ मीनाक्षी के सुपरविजन में जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान एएसआई लालचंद और उनकी टीम ने AGTF के सहयोग से एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई।
संगरिया का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान निर्देश बिश्नोई (30) पुत्र अजय पाल बिश्नोई, निवासी वार्ड नंबर 07 संगरिया (हाल 2 NTW, थाना संगरिया, जिला हनुमानगढ़) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25(1-बी)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हत्या और पॉक्सो जैसे 5 गंभीर मामलों का रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी निर्देश बिश्नोई एक आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में हत्या, पॉक्सो (POCSO) एक्ट, साइबर धोखाधड़ी और जेल अधिनियम समेत कुल 5 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
संयुक्त टीम की मुस्तैदी से मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई में एएसआई लालचंद के साथ कॉन्स्टेबल विक्रम और बलवंत की सराहनीय भूमिका रही। मामले की आगे की गहन जांच उप-निरीक्षक चुंका को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी से पिस्टल की खरीद-फरोख्त और इसके संभावित इस्तेमाल के बारे में पूछताछ कर रही है।

