रायपुर में प्रथम राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन संपन्न; मुनिसंघ के सान्निध्य में जनगणना-2027 और समाजहित पत्रकारिता पर हुआ मंथन
रायपुर (कमलेश जैन): पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज को सत्य, संवेदना और सही दिशा देना है। खबर ऐसी होनी चाहिए जिससे समाज का कल्याण हो, भ्रम नहीं। इसी मुख्य संदेश के साथ रायपुर के अग्रसेन धाम में प्रथम राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में और जैन पत्रकार महासंघ के सहयोग से हुए इस सम्मेलन में राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली और छत्तीसगढ़ सहित देशभर से सैकड़ों पत्रकार शामिल हुए।
भक्तामर पाठ और मंगलाचरण से हुआ शुभारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ भक्तामर पाठ के साथ हुआ। इस दौरान मुनि श्री आगम सागरजी महाराज, मुनि श्री पुनीत सागरजी महाराज, ऐलक श्री धैर्य सागरजी एवं ऐलक श्री स्वागत सागरजी का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम शिष्य मुनि श्री आगम सागरजी महाराज ने कहा कि सत्य कहने और लिखने के लिए निर्भयता आवश्यक है। वहीं, मुनि श्री पुनीत सागरजी महाराज ने अहिंसा, जीवदया और 'जियो और जीने दो' की भावना को पत्रकारिता का आधार बनाने की प्रेरणा दी।
पत्रकारिता का मूल धर्म सत्य का दर्शन कराना: डॉ. बलदेव राज गुप्ता भारतीय प्रेस परिषद के पूर्व सदस्य एवं बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. बलदेव राज गुप्ता ने पत्रकारिता के इतिहास और जैन समाज के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसका मूल कार्य समाज को सत्य से परिचित कराना है। 'न्यूज 24' और 'लल्लूराम डॉट कॉम' के डायरेक्टर नमित जैन ने कहा कि पत्रकारों को अहिंसा और संयम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। साथ ही, निःशक्तजन कल्याण आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
जनगणना-2027 में धार्मिक पहचान 'जैन' दर्ज कराने का आह्वान जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेन्द्र जैन महावीर ने कहा कि एक जैन पत्रकार की जिम्मेदारी सामान्य पत्रकार से अधिक व्यापक होती है। खबर सनसनीखेज नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली होनी चाहिए। सम्मेलन के दौरान आगामी जनगणना-2027 में प्रत्येक परिवार से अपनी धार्मिक पहचान 'जैन' दर्ज कराने का पुरजोर आह्वान किया गया।
पत्रकारों और विशिष्ट जनों का सम्मान कार्यक्रम के दौरान जैन तीर्थों एवं धर्मायतनों के संरक्षण-संवर्धन में पत्रकारिता की भूमिका पर गहन चर्चा हुई। उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए महासंघ द्वारा प्रकाश मोदी और प्रदीप कुमार जैन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन बड़जात्या, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री महेंद्र बैराठी, पूर्व विधायक सुनील जैन, निधि जैन, सनत जैन, डॉ. कल्पना जैन और मनीष जैन (उदयपुर) सहित देश के कई प्रतिष्ठित पत्रकार और समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप जैन विश्व परिवार, प्रकाश मोदी और अनामिका बाकलीवाल ने किया।

